खड्डा : ऑपरेशन के तीन दिन बाद महिला की मौत, शव सड़क पर रख ग्रामीणों का हंगामा
शिवशंभु सिंह
खड्डा, कुशीनगर। हनुमानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा बोधी छापर में ऑपरेशन के तीन दिन बाद एक महिला की मौत हो जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जोरदार हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोधी छापर निवासी सुगिया देवी (55) पत्नी मोतीलाल साहनी कैंसर से पीड़ित थीं और उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा था। बताया जा रहा है कि बच्चेदानी में कैंसर होने के कारण गांव के ही एक युवक के सहयोग से उन्हें थाना निबुआ नौरंगिया क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन कराए जाने की बात कही जा रही है। परिजनों के अनुसार ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ने पर उसे गोरखपुर के अन्य अस्पतालों में ले जाया गया और अंततः घर लाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
महिला की मौत से नाराज ग्रामीणों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस व खड्डा तहसील प्रशासन के अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस मामले में संबंधित अस्पताल प्रबंधन की ओर से ऑपरेशन अपने यहां न होने की बात कही जा रही है, जबकि परिजनों का आरोप है कि मरीज को अस्पताल की ही गाड़ी से अन्य स्थान पर भेजा गया था। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Comments