नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
ग्लिटर त्रिवेणी पब्लिक स्कूल ने रचा इतिहास, प्राचार्य हिमांशु सिंह को राजभवन से सम्मान
चंदवा, लातेहार, झारखण्ड:- चंदवा के शैक्षणिक परिदृश्य में एक नया इतिहास रचते हुए ग्लिटर त्रिवेणी पब्लिक स्कूल (GTPS) के प्राचार्य हिमांशु सिंह को राजभवन, रांची स्थित लोक भवन में आयोजित विशेष ‘एट होम’ समारोह में आमंत्रित किया गया। पूरे झारखंड से चयनित मात्र तीन प्राचार्यों में उनका नाम शामिल होना न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे चंदवा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है।
यह गरिमामय समारोह महामहिम राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की उपस्थिति में आयोजित हुआ, जिसमें राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और विशिष्ट अतिथियों ने भाग लिया। इस विशेष आमंत्रण ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि GTPS ने गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा, अनुशासन और नवाचार के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।
समारोह में प्राचार्य हिमांशु सिंह की सहभागिता को शिक्षा जगत में उनके योगदान की औपचारिक मान्यता के रूप में देखा जा रहा है। विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान स्कूल की डायरेक्टर की दूरदर्शी सोच, शिक्षकों की निष्ठा और विद्यार्थियों की उत्कृष्ट उपलब्धियों का सामूहिक परिणाम है।
प्रबंधन ने कहा, “राजभवन से सीधे मिला यह निमंत्रण हमारे लिए सम्मान के साथ-साथ जिम्मेदारी भी है। यह हमें शिक्षा की गुणवत्ता को और ऊंचाई पर ले जाने की प्रेरणा देता है।”क्षेत्र के अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों ने इसे “चंदवा के लिए गौरव का क्षण” बताया है। उनका कहना है कि GTPS की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के शैक्षणिक माहौल को सकारात्मक दिशा देगी। स्थानीय स्तर पर विद्यालय की प्रतिष्ठा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिसका प्रभाव आगामी शैक्षणिक सत्र में नामांकन को लेकर अभिभावकों के उत्साह में साफ देखा जा रहा है।
ग्लिटर त्रिवेणी पब्लिक स्कूल की यह उपलब्धि न केवल संस्थान की बढ़ती साख का प्रमाण है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि छोटे कस्बों के विद्यालय भी समर्पण, गुणवत्ता और नेतृत्व के दम पर राज्य स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।

Comments