सीबीएसई द्वारा आयोजित शारीरिक शिक्षा की परीक्षा में शामिल हुए 1991 परीक्षार्थी
प्रतापगढ़। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा बुधवार को सीबीएसई कक्षा 12वीं की शारिरिक शिक्षा की परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा आज सुबह 10 बजे से शुरू होकर दोपहर 1.30 बजे तक प्रतापगढ़ जिले के सात परीक्षा केंद्रों क्रमशः न्यू एंजिल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, संस्कार ग्लोबल स्कूल, आत्रेय एकेडमी, जवाहर नवोदय विद्यालय, आइंस्टीन पब्लिक स्कूल लालगंज, डॉल्फिन पब्लिक स्कूल और जेएमजी पब्लिक स्कूल, कालाकांकर में हुई।
इस परीक्षा में प्रतापगढ़ के 47 सीबीएसई मान्यता प्राप्त विद्यालयों के 2020 परिक्षार्थी रजिस्टर्ड थे जिसमें 1991 परीक्षार्थी शामिल हुए तथा 29 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सीबीएसई के सिटी कोऑर्डिनेटर तथा न्यू एंजिल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल बिपिन कुमार सोनी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीबीएसई ऑब्जर्वरस की देख रेख में परीक्षा सकुशल संपन्न हुई।
परीक्षार्थियों के अनुसार प्रश्न पत्र बहुत सीधा और सरल था। प्रश्न पत्र के लॉन्ग आंसर वाले प्रश्न अपेक्षाकृत अधिक लंबे मगर आसान थे। काफी परीक्षार्थियों को लांग आंसर वाले प्रश्न थोड़े मुश्किल लगे। कुल मिलाकर फिजिकल एजुकेशन का पेपर बहुत संतुलित था। अच्छे अंकों के लिए लगभग सभी ने उम्मीद जताई। न्यू एंजिल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की चेयर पर्सन डॉक्टर शाहिदा ने बताया कि सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 12 वीं की परीक्षा 10 अप्रैल को समाप्त होगी। कक्षा 12 वीं की अगली परीक्षा 20 फरवरी को फिजिक्स विषय की होगी।

Comments