नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
तिलकोत्सव में हर्ष फायरिंग से आबकारी सिपाही घायल
आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास का केस; दो पुलिसकर्मी निलंबित

सुल्तानपुर के मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के करमाजितपुर गांव में सोमवार को एक तिलकोत्सव कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग में आबकारी विभाग का एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली साथी सिपाही की पिस्टल से चली और सीधे उसकी कमर में जा लगी।
पुलिस ने मंगलवार को आरोपी आबकारी सिपाही सुरेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में मोतिगरपुर थाने के दो सिपाहियों, सनोज यादव और सिंटू यादव, को निलंबित भी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, करमाजितपुर निवासी रामशरण शुक्ला के छोटे पुत्र अंकुर शुक्ला के तिलकोत्सव में उनके विभागीय साथी शामिल होने आए थे। अंकुर शुक्ला लखनऊ में आबकारी विभाग में सिपाही के पद पर तैनात हैं। कार्यक्रम में रायबरेली से आए सिपाही सुरेंद्र यादव (निवासी उमरपुर, थाना बाघराय, जनपद प्रतापगढ़) हर्ष फायरिंग कर रहे थे।
इसी दौरान चली गोली साथी सिपाही विनीत मिश्र (36), निवासी मल्हीपुर थाना चांदा, की कमर में जा लगी। सुरेंद्र और विनीत दोनों ही रायबरेली में आबकारी विभाग में तैनात बताए जा रहे हैं।
घटना के तुरंत बाद अन्य साथियों ने घायल विनीत को निजी वाहन से सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। बताया जाता है कि वहां ट्रॉमा में भर्ती कराने के बजाय सामान्य मरीज की तरह पर्चा बनवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें प्रयागराज के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां रात करीब दो बजे उनका ऑपरेशन किया गया। फिलहाल घायल सिपाही खतरे से बाहर बताया जा रहा है। घटना के बाद देर तक मामले को दबाने की भी चर्चा रही।
हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए मोतिगरपुर पुलिस ने देर रात कार्रवाई की। आरोपी सुरेंद्र यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 और 7 सीएलए एक्ट के तहत हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर रामकृष्ण चतुर्वेदी ने ने बताया कि उपनिरीक्षक श्रीराम मिश्र की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।

Comments