राजनीति
बेकाबू ई-रिक्शा ने पैदल जा रही महिला को मारी टक्कर, दर्दनाक मौत
लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के पिलखा (बरुवाताली) गांव में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पैदल सड़क पार कर रही महिला की मौत हो गई। पीछे से आ रहे बेकाबू ई-रिक्शा ने महिला को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतका की पहचान गांव निवासी भानुमती (55) पत्नी जगतपाल के रूप में हुई है। रविवार सुबह घर से पैदल काम पर जा रही थीं। तभी गांव के पास ही पीछे से तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि भानुमती सड़क पर औंधे मुंह गिर पड़ीं।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक लिखा-पढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महिला की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पति जगतपाल, बेटे राहुल, सुनील और बेटी लक्ष्मी का रो-रोकर बुरा हाल है।प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, मामले की जांच की जा रही है।

Comments