राजनीति
भारत
पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों के कल्याण
सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता के लिए संचालित “वामा सारथी”योजना
ब्यूरो प्रयागराज। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों के कल्याण, सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता के उद्देश्य से संचालित “वामा सारथी” योजना के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण एवं दूरगामी पहल की गई है। इस योजना का उद्देश्य पुलिस कर्मियों के परिजनों को कौशल-आधारित प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाना है।*
दिनांक 06/02/26 को वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से वामा सारथी स्वावलंबन का विधिवत शुभारंभ श्रीमती मीनाक्षी सिंह अध्यक्ष वामा सारथी उत्तर प्रदेश द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान वामा सारथी एवं उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के मध्य समझौता ज्ञापन (MoU) संपादित किया गया, जिसके अंतर्गत पुलिस कर्मियों के परिजनों को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इस MoU के अंतर्गत पुलिस परिवारों को वर्तमान समय की आवश्यकता एवं बाज़ार की मांग के अनुरूप ब्यूटीशियन, डिजिटल मित्र, सैंपल टेलरिंग, डिजिटल मार्केटिंग एवं ई-कॉमर्स जैसे रोजगारपरक एवं कौशल-आधारित पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण के पश्चात प्रतिभागियों को स्वरोजगार स्थापित करने, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़ने एवं निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने के अवसर उपलब्ध होंगे।
माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन की नीति एवं पुलिस कल्याण के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता के अंतर्गत आज प्रदेश के 18 जनपदों में एक साथ वामा कौशल विकास केंद्रों का शुभारंभ किया गया। यह पहल पुलिस परिवारों के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ठोस आधार प्रदान करेगी।
जनपद कमिश्नरेट प्रयागराज से इस अवसर पर अध्यक्षा वामा सारथी कमिश्नरेट प्रयागराज के नेतृत्व में वर्चुअल लोकार्पण किया गया जिसमे अपर पुलिस उपायुक्त/सहायक पुलिस आयुक्त, लाइन्स, व प्रतिसार निरीक्षक कमिश्नरेट प्रयागराज तथा अन्य संबंधित शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों द्वारा इस पहल को पुलिस परिवारों के लिए एक व्यवहारिक, दूरगामी एवं कल्याणकारी योजना बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान यह भी उल्लेख किया गया कि पुलिस कर्मी दिन-रात कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्य करते हैं। ऐसे में उनके परिजनों के आर्थिक सशक्तिकरण, सम्मानजनक आजीविका एवं आत्मनिर्भरता को सुनिश्चित करना पुलिस कल्याण का एक महत्वपूर्ण पहलू है। वामा सारथी योजना इसी सोच का प्रतिफल है।प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट द्वारा इस योजना को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किए जाने हेतु पूर्ण सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक पुलिस परिवार इस योजना से लाभान्वित हो सकें। यह पहल न केवल पुलिस परिवारों के जीवन-स्तर में सुधार लाएगी, बल्कि पुलिस कर्मियों के मनोबल में वृद्धि कर पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।

Comments