विकास खंड के सभी प्रधानाध्यापकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

Swatantra Prabhat Desk Picture
Published On

महराजगंज रायबरेली। कस्बा स्थित राजकीय बालिका इंटर कालेज के सभागार में विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) के अध्यक्षों, सदस्यों और विकास खंड के सभी प्रधानाध्यापकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों के सुचारु संचालन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने और विद्यालय व समाज के बीच सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करना था।खंड शिक्षा अधिकारी राम मिलन यादव ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय प्रबंध समिति शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ होती है।
 
उन्होंने जोर दिया कि समिति के सक्रिय सहयोग से ही परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार संभव है। वहीं प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष विनोद अवस्थी ने प्रशिक्षण के दौरान समिति की भूमिका, दायित्वों और अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने, बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, स्वच्छता, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता तथा सकारात्मक शैक्षिक वातावरण तैयार करने में एसएमसी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
 
कार्यक्रम में उपस्थित जूनियर शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष शिव बालक ने प्रधानाध्यापकों और विद्यालय प्रबंध समिति के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षिक योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए यह समन्वय आवश्यक है। प्राथमिक विद्यालय राघवपुर के एसएमसी अध्यक्ष अरविंद मौर्य ने आए हुए प्रधानाध्यपकों व एसएमसी अध्यक्षों से पारदर्शिता, जवाबदेही और सामूहिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
 
प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों में शिक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं, स्कूल प्रबंधन, वित्तीय प्रावधानों और बच्चों के सर्वांगीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। एक दिवसीय कार्यक्रम में ए आर पी विकास चौधरी, मीनाक्षी पाण्डेय, सरोज कुमार, ने सभी को प्रशिक्षित किया। इस मौके पर दिनेश शुक्ला, सुरेंद्र शर्मा, मनीष सिंह, दयाशंकर अवस्थी, नीता पाण्डेय, उषा सिंह समेत सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापक व एसएमसी अध्यक्ष मौजूद रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें