राजनीति
भारत माता मंदिर का भूमि पूजन, कीर्ति शेष कमला देवी की स्मृति में कवि सम्मेलन
अंतरराष्ट्रीय अवधी अकादमी का सम्मान समारोह गरिमामय ढंग से संपन्न
सीतापुर। गत दिवस कमला नारायण इंटरनेशनल स्कूल परिसर में अंतरराष्ट्रीय अवधी अकादमी के तत्वावधान में आयोजित साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक गरिमा से परिपूर्ण समारोह भव्यता के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन कीर्ति शेष कमला देवी की स्मृति को समर्पित रहा, जिसमें भारत माता मंदिर के भूमि पूजन के साथ-साथ अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का सफल आयोजन किया गया।
समारोह में देश की जानी-मानी साहित्यिक विभूतियों, शिक्षाविदों, चिंतकों एवं मनीषियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। आगंतुक साहित्यकारों का स्वागत एवं सम्मान विद्यालय की प्रिंसिपल श्रीमती आरती सारस्वत तथा श्री क्षमा भारद्वाज द्वारा बैज अलंकरण एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया।
अंतरराष्ट्रीय अवधी अकादमी द्वारा साहित्यिक योगदान के लिए विशिष्ट सम्मान प्रदान किए गए। आज़ाद हिंद फौज का प्रयाण गीत तथा ‘उठ जाग मुसाफिर भोर भई’ जैसे कालजयी जागरण गीतों के रचयिता पं. वंशीधर शुक्ल (मन्योरा, लखीमपुर) के सुपुत्र डॉ. सत्यधर शुक्ल को पंडित विश्वनाथ स्मृति सम्मान से अलंकृत किया गया। वहीं लखनऊ की डॉ. रश्मिशील को उर्मिला देवी स्मृति सम्मान तथा सीतापुर के डॉ. शैलेंद्र कुमार शुक्ल को डॉ. भारतेंदु मिश्र स्मृति सम्मान प्रदान किया गया।
कीर्ति शेष कमला देवी की स्मृति में आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन की अध्यक्षता ‘संदौली टाइम्स’ के संपादक श्री प्रदीप सारंग ने की। उनके सशक्त अध्यक्षीय मार्गदर्शन में देश के ख्यातिप्राप्त कवियों ने अपने काव्य पाठ से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। कवि सम्मेलन में डॉ. वेद प्रकाश अग्निहोत्री, प्रदीप महाजन, अजय प्रधान, गौरव शुक्ल, श्री विष्णुकांत मिश्र, डॉ. रश्मिशील तथा अनुराग अतुल की काव्य प्रस्तुतियाँ विशेष रूप से सराही गईं।
विष्णुकांत मिश्र ने अपने काव्य के माध्यम से दिव्यांग समाज के प्रति करुणा, संवेदना और मानवीय उत्तरदायित्व के महत्व को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से रेखांकित किया।कार्यक्रम के प्रथम सत्र का कुशल संचालन ‘इनते मिलौ’ कार्यक्रम के ख्यातनाम एंकर एवं सुविख्यात चिंतक डॉ. चंद्रशेखर प्रजापति ने किया, जबकि अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का सधे हुए अंदाज़ में संचालन युवा कवि अविरल शुक्ल ने किया।
इसी क्रम में कमला नारायण इंटरनेशनल स्कूल के मुख्य द्वार के निकट, कीर्ति शेष कमला देवी एवं स्वर्गीय शिव नारायण विभूति की समाधियों के सन्निकट भारत माता मंदिर के लिए निर्धारित स्थल पर विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ। यह पावन अनुष्ठान श्री दिनेश शास्त्री एवं पं. राजित राम दीक्षित के श्रीमुख से उच्चरित वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य सम्पन्न हुआ, जिससे संपूर्ण परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित हो उठा।
यह समारोह उत्तर प्रदेश अपराध अनुसंधान शाखा के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. अखिलेश निगम तथा लखनऊ विश्वविद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. पवन अग्रवाल के सभापतित्व में आयोजित हुआ। प्रथम सत्र का धन्यवाद ज्ञापन प्रो. जयशंकर तिवारी द्वारा तथा अंतिम सत्र का धन्यवाद ज्ञापन कमला नारायण इंटरनेशनल स्कूल के प्रमुख ट्रस्टी डॉ. गंगा प्रसाद शर्मा ‘गुणशेखर’ द्वारा किया गया।
उल्लेखनीय है कि गंज क्षेत्र के अति पिछड़े विकासखंड रामपुर मथुरा के समशेर नगर में शीघ्र प्रारंभ होने जा रहे कमला नारायण इंटरनेशनल स्कूल के प्रांगण में भारत माता मंदिर की स्थापना हेतु भूमि पूजन एवं विराट कवि सम्मेलन का यह आयोजन सांस्कृतिक चेतना, राष्ट्रीय भावना और साहित्यिक समृद्धि का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा।
इस महनीय आयोजन में प्रो. शैलेंद्र नाथ मिश्र (गोंडा), नीरज कुमार पांडेय (बहराइच), आकाशवाणी अवधी केंद्र के डॉ. जयंत धर द्विवेदी तथा अशोक कुमार कटेठिया (अजमेर, राजस्थान) सहित अनेक विद्वानों की उपस्थिति ने समारोह की भव्यता, दिव्यता और विराटता को और अधिक सुदृढ़ किया। आयोजन की सफलता का प्रमाण यह रहा कि क्षेत्र की जनता मनीषियों के उद्बोधनों के प्रमुख वाक्यांशों तथा कवियों की पंक्तियों को बार-बार दोहराते हुए निरंतर आनंद-विभोर दिखाई दी।कुल मिलाकर यह आयोजन साहित्य, संस्कृति, राष्ट्रभाव और सामाजिक चेतना का ऐसा संगम सिद्ध हुआ, जिसने क्षेत्रीय जनमानस पर दीर्घकालिक प्रभाव छोड़ा।

Comments