एसआईआर एक महाघोटाला, फार्म 7 के जरिए पीडीए के खिलाफ हो रही बड़ी साजिश
अखिलेश ने कोर्ट और मीडिया से की अपील
ब्यूरो प्रयागराज। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य में चल रहे एसआईआर की प्रक्रिया पर एक बार फिर से सवाल उठाए हैं। उन्होंने कोर्ट, चुनाव आयोग और मीडिया से इस मामले में साथ देने की अपील की है। अखिलेश यादव का कहना है कि फार्म-7 का दुरुपयोग कर विपक्ष के वोट को काटने का काम चल रहा है। समाजवादी पार्टी प्रमुख ने सभी न्यूज चैनलों और अखबारों से इस पूरे मामले की जांच कर महा-घोटाले का पर्दाफाश करने की अपील की है।
अखिलेश यादव ने उठाए सवाल यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया, "माननीय न्यायालय, निर्वाचन आयोग और समस्त पत्रकार इस बड़े षड्यंत्र का संज्ञान लें कि एसआईआर के तहत गांवों में छपे-छपाये फार्म 7 (जिसके माध्यम से आपत्ति करके कोई अन्य किसी का नाम कटवाने की साज़िश कर सकता है) कौन भेज रहा है। इसमें जो शिकायतकर्ता हैं उनका कोई अता-पता नहीं है।"
अखिलेश यादव ने आरोप लगाते हुए आगे लिख, "फर्जी हस्ताक्षर करवाकर, विपक्ष के वोट काटने की साजिश की जा रही है। पीडीए समाज ख़ासतौर से अल्पसंख्यक के नाम बड़े स्तर पर काटे जा रहे हैं। जिसके नाम की आपत्ति की जा रही है, उसे भी नहीं मालूम है कि उसका नाम सब कुछ सही होने के बावजूद काटा जा रहा है। सभी न्यूज चैनलों, अखबारों से अपील है कि वो इस महा-घोटाले का पर्दाफाश करें।"
सपा प्रमुख ने स्थानीय मीडिया और छोड़े-बड़े सभी पत्रकारों से अपील करते हुए आगे लिखा, "हम स्थानीय यूट्यूबर और लोकल न्यूज कर्मियों से लोकतंत्र के हित में ये मांग करते हैं कि आप इस महाघोटाले का भंडाफोड़ करें और अपने स्तर पर प्रकाशित-प्रसारित करें। हम उनको पूरे देश-प्रदेश के सामने रखेंगे और आपकी ईमानदार पत्रकारिता को सच्चे दर्शकों-पाठकों तक पहुंचाएंगे।"

Comments