राजनीति
भदोही में गेहूँ खरीद के लिए 23 क्रय केंद्र स्वीकृत
एमएसपी 2585 रुपये प्रति कुंतल
भदोही। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शैलेष कुमार द्वारा रबी विपणन वर्ष 2026-27 में मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत जनपद भदोही में गेहूँ खरीद हेतु कुल 23 गेहूँ क्रय केंद्रों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस वर्ष गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2585 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है, जो गत वर्ष की तुलना में 160 रुपये प्रति कुंतल अधिक है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी शिशिर कुमार ने बताया कि स्वीकृत क्रय केंद्रों में खाद्य विभाग के 10, पीसीएफ के 12 तथा भारतीय खाद्य निगम का 01 क्रय केंद्र शामिल है। गेहूँ खरीद प्रक्रिया के सतत अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) कुँवर वीरेंद्र मौर्य को जिला खरीद अधिकारी नामित किया गया है।
तहसीलवार विवरण के अनुसार तहसील ज्ञानपुर में कुल 07 गेहूँ क्रय केंद्र (खाद्य विभाग के 04, पीसीएफ के 02 एवं एफसीआई का 01), तहसील औराई में 05 गेहूँ क्रय केंद्र (खाद्य विभाग के 02 एवं पीसीएफ के 03) तथा तहसील भदोही में 11 गेहूँ क्रय केंद्र (खाद्य विभाग के 04 एवं पीसीएफ के 07) संचालित किए जाएंगे।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि गेहूँ विक्रय के लिए किसानों का पंजीकरण प्रारम्भ हो चुका है। किसान अपने मोबाइल, किसान मित्र ऐप अथवा साइबर कैफे के माध्यम से विभागीय वेबसाइट पर पंजीकरण करा सकते हैं।

Comments