राजनीति
ऑपरेशन क्लीन के तहत भदोही में बड़ी कार्रवाई, 23,864 लीटर अवैध शराब नष्ट
लिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों में पंजीकृत 248 अभियोगों में जब्त की गई
भदोही। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन” विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद भदोही में अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों में पंजीकृत 248 अभियोगों में जब्त की गई 23,864 लीटर अवैध अंग्रेजी एवं देशी शराब का न्यायालय के आदेश पर नियमानुसार विनष्टीकरण कराया गया।
अभियान अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के कुशल पर्यवेक्षण में चलाया गया। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में थाना ज्ञानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा अजयपुर के खाली मैदान में जब्त शराब का निस्तारण किया गया। इस दौरान उपजिला मजिस्ट्रेट ज्ञानपुर, क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी सहित गठित टीम मौजूद रही।
थानावार विवरण के अनुसार थाना भदोही से 10,042 लीटर, थाना चौरी से 1,355 लीटर, थाना ऊंज से 4,655 लीटर, थाना सुरियावां से 7,391 लीटर तथा थाना दुर्गागंज से 421 लीटर अवैध शराब का विनष्टीकरण किया गया।एएसपी शुभम अग्रवाल ने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments