नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
पैदल चल रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार बाइक सवारों ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल
डॉ. प्रेम त्रिपाठी व विजय यादव बने देवदूत, समय पर पहुंचाया अस्पताल
बस्ती। बस्ती जिले के थाना कलवारी क्षेत्र अंतर्गत लुंबिनी–दुद्धी मार्ग पर स्थित बेईली तिराहे के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में पैदल चल रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार बाइक सवारों ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में घायल का दाहिना पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता और समाजसेवियों की मानवीय पहल से घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसकी जान बच सकीप्राप्त जानकारी के अनुसार बुद्धि सागर पुत्र राम सागर (उम्र लगभग 45 वर्ष), निवासी बबुरहिया, थाना कलवारी, सड़क किनारे पैदल जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुद्धि सागर सड़क पर गिर पड़े और उनका दाहिना पैर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए आगे आए।
सूचना मिलते ही राम-जानकी मार्ग के देवदूत के रूप में पहचाने जाने वाले डॉ. प्रेम त्रिपाठी एवं विजय यादव मौके पर पहुंचे और मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कलवारी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
दुर्घटना में अन्य घायल व्यक्तियों के नाम इस प्रकार बताए गए हैं— (1) राघवराम पुत्र राम धन, उम्र 50 वर्ष, निवासी परसौडा, थाना हर्रैया, (2) महंथ पुत्र राम, उम्र 39 वर्ष, निवासी प्यारे कचूरे, थाना कलवारी। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि लुंबिनी–दुद्धी मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार और यातायात नियंत्रण की कमी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
बेईली तिराहा पहले भी कई हादसों का गवाह रहा है, लेकिन अब तक प्रभावी सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बेईली तिराहे पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड, स्ट्रीट लाइट और नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। समय पर मदद पहुंचाने वाले डॉ. प्रेम त्रिपाठी और विजय यादव की क्षेत्र में सराहना हो रही है, जिन्होंने मानवता का परिचय देते हुए घायल की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

Comments