नए उत्तर प्रदेश की उड़ान विकास, विश्वास और वैश्विक नेतृत्व की ओर अग्रसर प्रदेश

नए उत्तर प्रदेश की उड़ान विकास, विश्वास और वैश्विक नेतृत्व की ओर अग्रसर प्रदेश

उत्तर प्रदेश कभी “बीमारू राज्य”, अराजकता और अव्यवस्था के लिए जाना जाता था। निवेशक यहां आने से कतराते थे, उद्योग पलायन की राह पकड़ रहे थे और कानून-व्यवस्था आम नागरिक के लिए सबसे बड़ी चिंता बनी हुई थी। लेकिन 2017 के बाद उत्तर प्रदेश ने जो करवट ली है, उसने न सिर्फ देश को बल्कि दुनिया को भी यह संदेश दिया है कि मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति, स्पष्ट नीतियां और ईमानदार नेतृत्व मिल जाए तो कोई भी प्रदेश अपनी तस्वीर और तकदीर दोनों बदल सकता है। आज उत्तर प्रदेश विकास, विश्वास और वैश्विक निवेश का नया केंद्र बनकर उभर रहा है।
 
लखनऊ के सरोजनी नगर में लगभग 70 एकड़ में बनी अशोक लीलैंड की इलेक्ट्रिक वाहन मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री इसी बदले हुए उत्तर प्रदेश की पहचान है। महज 16 महीनों में तैयार हुआ यह प्लांट न केवल प्रदेश की पहली ई-बस फैक्ट्री है, बल्कि यह इस बात का प्रमाण भी है कि उत्तर प्रदेश अब रिकॉर्ड समय में बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट्स को जमीन पर उतारने की क्षमता रखता है। यहां ई-बस, ई-ट्रेवलर और ई-लोडिंग वाहनों का निर्माण होगा, जिससे न सिर्फ रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे बल्कि हरित और टिकाऊ परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा। यह फैक्ट्री आने वाले समय में 2,500 से बढ़कर 5,000 इलेक्ट्रिक बसों के उत्पादन की क्षमता रखेगी, जो देश के सार्वजनिक परिवहन को नई दिशा देगी।
 
इस ऐतिहासिक अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का यह कहना कि वे योगी आदित्यनाथ को पहले राजनीति का माहिर समझते थे, लेकिन अब उन्हें अर्थशास्त्र का भी मास्टर मानते हैं, अपने आप में बहुत कुछ कह जाता है। निवेश कैसे लाया जाए, उद्योग कैसे पनपे और राज्य को मुनाफे की दिशा में कैसे आगे बढ़ाया जाए,यह कला आज उत्तर प्रदेश की नीतियों और फैसलों में साफ दिखाई देती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने यह सिद्ध कर दिया है कि विकास और सुशासन साथ-साथ चल सकते हैं।
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय ने उत्तर प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास का मंत्र उत्तर प्रदेश में जमीन पर उतरता दिखाई देता है। कानून-व्यवस्था में सुधार, भ्रष्टाचार पर कठोर प्रहार और नीतिगत स्थिरता ने निवेशकों के मन से वर्षों पुराना डर निकाल दिया है। आज उत्तर प्रदेश में कोई पॉलिसी पैरालिसिस नहीं है। उद्योगपति जानते हैं कि यहां लिया गया फैसला समय पर लागू होगा और उन्हें सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा।
 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बार-बार इस बात पर जोर देते हैं कि उत्तर प्रदेश उत्सवों का प्रदेश है। यहां हर महीने कोई न कोई पर्व, मेला या सांस्कृतिक आयोजन होता है। यह सांस्कृतिक जीवंतता सामाजिक समरसता को मजबूत करती है और प्रदेश की पहचान को नई ऊर्जा देती है। बीते आठ वर्षों में दंगों का न होना, कानून-व्यवस्था की मजबूती का सबसे बड़ा प्रमाण है। यही कारण है कि आज उत्तर प्रदेश को देश में सबसे ज्यादा राजस्व देने वाले राज्यों में गिना जा रहा है।
निवेश के आंकड़े खुद कहानी बयां करते हैं। बीते वर्षों में उत्तर प्रदेश में हजारों करोड़ रुपये का निवेश आया है, लाखों करोड़ की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है और आने वाले समय में इससे भी बड़े निवेश की तैयारी है। यह सब किसी एक दिन का परिणाम नहीं है, बल्कि यह निरंतर प्रयास, स्पष्ट विजन और मजबूत नेतृत्व का नतीजा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिस उत्तर प्रदेश अनलिमिटेड संभावनाओं वाला प्रदेश की बात कही थी, वह आज हकीकत बन चुका है।
 
डिफेंस सेक्टर में उत्तर प्रदेश की भूमिका भी लगातार मजबूत हो रही है। लखनऊ में स्थापित ब्रह्मोस फैक्ट्री इसका बड़ा उदाहरण है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जिस ऑपरेशन सिंदूर में ब्रह्मोस की क्षमता का जिक्र किया, उसने यह स्पष्ट कर दिया कि भारत अब रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश इस आत्मनिर्भर भारत अभियान का एक मजबूत स्तंभ बन चुका है। यहां बनने वाले रक्षा उपकरण न सिर्फ देश की सुरक्षा को मजबूत करेंगे, बल्कि प्रदेश के युवाओं को उच्च तकनीक वाले रोजगार भी देंगे।
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत की सोच को उत्तर प्रदेश ने पूरी निष्ठा से अपनाया है। एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, रैपिड रेल, वाटर वे और औद्योगिक कॉरिडोर जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स ने प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है। आज उत्तर प्रदेश देश का पहला रैपिड रेल चलाने वाला और वाटर वे को प्रभावी ढंग से अपनाने वाला प्रदेश बन चुका है। यह बुनियादी ढांचा न सिर्फ उद्योगों के लिए बल्कि आम नागरिकों के जीवन को आसान बनाने के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है।
कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर उत्तर प्रदेश ने जो सख्ती दिखाई है, वह पूरे देश के लिए उदाहरण बन गई है। रोड रोमियो जैसी समस्याओं पर कड़ा प्रहार, महिलाओं के खिलाफ अपराधों में जीरो टॉलरेंस नीति और अपराधियों के खिलाफ बिना भेदभाव के कार्रवाई ने प्रदेश में विश्वास का माहौल बनाया है। आज लोग निडर होकर काम कर रहे हैं, उद्योगपति बेहिचक निवेश कर रहे हैं और युवा अपने भविष्य को लेकर आश्वस्त हैं।
 
राजनाथ सिंह का यह कहना कि हिंदुजा ग्रुप भले लखनऊ का न हो, लेकिन लखनऊ के लोग उन्हें अपना मानेंगे, उत्तर प्रदेश की उस सांस्कृतिक उदारता को दर्शाता है जो यहां आने वाले हर व्यक्ति को अपनापन देती है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बने प्रेरणा स्थल, शहरों का सौंदर्यीकरण और ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण यह दिखाता है कि विकास के साथ-साथ संस्कृति और परंपरा को भी समान महत्व दिया जा रहा है।
आज उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी आर्थिक व्यवस्था बन चुका है और बहुत जल्द अव्वल बनने की ओर अग्रसर है। यह उपलब्धि केवल आंकड़ों की नहीं, बल्कि उस भरोसे की है जो देश और दुनिया ने उत्तर प्रदेश पर किया है। भाजपा के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार ने यह सिद्ध कर दिया है कि जब नीयत साफ हो और नेतृत्व मजबूत हो, तो परिणाम अपने आप सामने आते हैं।
 
देश के लिए उत्तर प्रदेश की भूमिका आने वाले समय में और भी महत्वपूर्ण होने वाली है। देश की सबसे बड़ी आबादी, विशाल युवा शक्ति, मजबूत औद्योगिक आधार और तेजी से विकसित हो रहा इंफ्रास्ट्रक्चर,ये सभी मिलकर उत्तर प्रदेश को भारत की विकास गाथा का केंद्र बना रहे हैं। यहां बनने वाली ई-बसें देश के शहरों को स्वच्छ परिवहन देंगी, रक्षा उपकरण देश की सीमाओं को सुरक्षित करेंगे और यहां के उद्योग देश की अर्थव्यवस्था को गति देंगे।
आज भाजपा एक अच्छे विकल्प के रूप में इसलिए अग्रणी है क्योंकि उसने केवल वादे नहीं किए, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारकर दिखाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदृष्टि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दृढ़ नेतृत्व और भाजपा की संगठित कार्यशैली ने उत्तर प्रदेश को नई पहचान दी है। यह पहचान विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की है।
नया उत्तर प्रदेश अब पीछे मुड़कर नहीं देख रहा। वह आत्मविश्वास के साथ भविष्य की ओर बढ़ रहा है।देश को मजबूत बनाने, अर्थव्यवस्था को गति देने और हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के संकल्प के साथ। यही उत्तर प्रदेश की नई कहानी है और यही भारत के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव भी।
 
कांतिलाल मांडोत
 
 

About The Author

स्वतंत्र प्रभात मीडिया परिवार को आपके सहयोग की आवश्यकता है ।

Post Comment

Comment List

आपका शहर

अंतर्राष्ट्रीय

दिल्ली दंगों के बड़े साजिश मामले में सुप्रीम कोर्ट का अहम फैसला: उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत नहीं, अन्य पांच आरोपियों को मिली राहत दिल्ली दंगों के बड़े साजिश मामले में सुप्रीम कोर्ट का अहम फैसला: उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत नहीं, अन्य पांच आरोपियों को मिली राहत
नई दिल्ली,  सुप्रीम कोर्ट ने आज 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों से जुड़े कथित 'बड़ी साजिश' मामले में बड़ा फैसला...

Online Channel