जिगना में फिर एक युवक का नशा के चलते मौत।
जिगना थाना क्षेत्र के कुशहा गांव में युवक की संदिग्ध मौत, लोगों ने बताया नशे का आदी था युवक
मीरजापुर।
संवाददाता प्रवीण तिवारी
मिर्जापुर। जिगना थाना क्षेत्र के कुशहा गांव निवासी अजीत कुमार (35 वर्ष) पुत्र सीताराम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने क्षेत्र के एक मेडिकल संचालक पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया, जबकि मेडिकल संचालक ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि युवक पहले से ही नशे की हालत में था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अजीत कुमार को नशे की लत थी। बताया जा रहा है कि वह घूमते-घूमते कुशहा चौराहे स्थित राजेश मेडिकल पर पहुंचा था, जहां अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक डॉ. रत्नाकर मिश्रा ने जांच के बाद अजीत कुमार को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी सरस्वती देवी ने बताया कि तीन दिन पहले उसकी मां से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके कारण वह मानसिक तनाव में था। उन्होंने यह भी बताया कि वह सात माह की गर्भवती हैं।
घटना के बाद परिजनों ने मेडिकल संचालक पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया। वहीं राजेश मेडिकल के संचालक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि युवक पहले से ही नशे की हालत में उनके मेडिकल स्टोर पर आया था तथा वहां उसका कोई इलाज नहीं किया गया था।
मृत्यु के कारणों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। बताया गया कि मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और शव को अपने घर ले गए।
फिलहाल युवक की मौत को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
कुशहा गांव में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया आरोप, मेडिकल संचालक ने किया खंडन


Comments