नवीनतम
फीचर्ड
प्रयागराज में पेपर लीक मुद्दे पर छात्रों से संवाद के दौरान हंगामा, सांसद संजय सिंह और एडीएम सिटी में नोंकझोंक।
स्वतंत्र प्रभात रिपोर्ट सरस सिंह
प्रयागराज। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के प्रयागराज दौरे के दौरान सर्किट हाउस सभागार में उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब पेपर लीक और प्रतियोगी छात्रों की समस्याओं को लेकर आयोजित संवाद कार्यक्रम को प्रशासन ने बिना अनुमति आयोजित होने का हवाला देते हुए रोकने का प्रयास किया। इस दौरान सांसद संजय सिंह और एडीएम सिटी के बीच तीखी नोंकझोंक भी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, राज्यसभा सांसद संजय सिंह प्रयागराज पहुंचे थे। यहां उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों, भर्ती प्रक्रियाओं में हो रही देरी तथा छात्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रतियोगी छात्रों से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया था। यह कार्यक्रम सर्किट हाउस सभागार में प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति के बैनर तले रखा गया था।
कार्यक्रम शुरू होने से पहले मौके पर पहुंचे एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा तथा डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने आयोजकों से कार्यक्रम की अनुमति संबंधी जानकारी मांगी। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना था कि सर्किट हाउस परिसर में इस प्रकार के सार्वजनिक संवाद कार्यक्रम के लिए पूर्व अनुमति आवश्यक है। इसी बात को लेकर अधिकारियों और सांसद संजय सिंह के बीच बहस शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ समय तक दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक होती रही। सांसद संजय सिंह ने प्रशासन पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया, जबकि अधिकारियों ने नियमों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं का पालन कराने की बात कही। इस घटनाक्रम के दौरान सभागार में मौजूद छात्रों और समर्थकों में भी हलचल का माहौल बना रहा।
हालांकि विवाद के बावजूद कार्यक्रम आयोजित हुआ और सांसद संजय सिंह ने प्रतियोगी छात्रों से विस्तार से बातचीत की। छात्रों ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई, लंबित भर्तियों को जल्द पूरा करने तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। सांसद ने छात्रों की समस्याओं को संसद और सरकार के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह तथा हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता के के राय भी मौजूद रहे। उन्होंने भी छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र उपस्थित रहे। छात्रों ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और भर्ती प्रक्रियाओं में सुधार की मांग की।


Comments