सामुदायिक शौचालय में 3 साल से लटक रहा ताला, लोगों को परेशानी

प्रदर्शन कर जिलाधिकारी बलरामपुर से बंद शौचालय को तुरंत चालू कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

गैसड़ी/बलरामपुर। स्वच्छ भारत मिशन को नगर पंचायत गैसड़ी में ठेंगा दिखाया जा रहा है। नगर पंचायत गैसड़ी के वार्ड नंबर 6 में ग्राम सभा स्तर से बना सामुदायिक शौचालय पिछले 3 वर्षों से ताले में बंद पड़ा है। नगर पंचायत बनने के बाद यह शौचालय नगर पंचायत को हैंडओवर हो गया था, लेकिन 3 साल बीतने के बाद भी इसका लाभ जनता को नहीं मिला। नतीजा, वार्डवासी आज भी खुले में शौच जाने को मजबूर हैं। गुरुवार को 'हिन्दुस्तान' संवाददाता के मौके पर पहुंचने पर दर्जनों लोगों ने अपनी पीड़ा व्यक्त की। ग्रामीणों का आरोप है कि नगर पंचायत के कर्मचारी कभी-कभार आते हैं, शौचालय की फोटो खींचकर चले जाते हैं, लेकिन आम जनता के लिए ताला नहीं खोलते,दिव्यांग नसीम ने बताया, "शौचालय में दिव्यांगों के लिए अलग सीट लगी है, पर 3 साल से बंद है। खुले में जाना बहुत मुश्किल होता है।
 
" खातून निशा बोलीं, "जब से शौचालय बना है, तब से बंद है। हम महिलाओं को खुले में जाना मजबूरी है, वार्ड नंबर 6 के सभासद सबूर ने कहा कि शौचालय बनने के बाद से ही बंद है। नगर पंचायत में कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। वार्ड 13 के सभासद प्रतिनिधि करीमुल्ला ने बताया, "3 वर्ष पहले यह शौचालय नगर पंचायत को हैंडओवर हुआ था। इसका पेमेंट भी हो रहा है, फिर भी ताला लटक रहा है। 1076 और नगर पंचायत में कंप्लेंट की, पर कार्रवाई नहीं हुई।मोहम्मद इस्माइल, जब्बार, ननके, दिलशाद, शब्बीर, राम शंकर, हुसैनी समेत दर्जनों लोगों ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी बलरामपुर से बंद शौचालय को तुरंत चालू कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
 
वहीं इस संबंध में अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। वार्डवासियों ने सवाल उठाया कि जब 3 साल से शौचालय बंद है तो इसका पेमेंट किस आधार पर हो रहा है? जनता को मूलभूत सुविधा से वंचित रखना नगर पंचायत की बड़ी लापरवाही है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें