शिक्षा से जीवन को बेहतर ढंग से संवारा जा सकता है : विधायक
परिश्रम से किये गये हर कार्य में सफलता मिलती है।
सिद्धार्थनगर। बढ़नी ब्लॉक के तुलसियापुर चौराहा स्थित पंडित बाबूराम शुक्ल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सोमवार को छात्र-छात्राओं के बीच पुरस्कार व अंक वितरण समारोह का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि विधानसभा क्षेत्र शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा के हाथों से पुरस्कार व सम्मान पाकर छात्र काफी खुश हुए। मुख्य अतिथि विधायक विनय वर्मा ने छात्र- छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा एक ऐसा दौलत है जिसके माध्यम से जीवन को बेहतर ढंग से संवारा जा सकता है। परिश्रम से किये गये हर कार्य में सफलता मिलती है।
अनुशासित रहकर निरंतर ईमानदारी से परिश्रम करते हुये छात्र अपने लक्ष्य को जरूर हासिल कर सकता है। उन्होंने लक्ष्य के प्रति समर्पित व संकल्पित रहने, विद्यालय व परिजनों का नाम रोशन करने और माता-पिता, गुरुओं के सम्मान करने की प्रेरणा दी। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र- छात्राओं की पढ़ाई लिखाई में किसी प्रकार की आने वाली दुश्वारियां, कठिनाई में मदद के लिए तैयार हैं। इंटर में राज साहनी को पहला, निखिल मौर्य को दूसरा व श्रेया चौहान को तीसरा स्थान प्राप्त करने के लिए सम्मानित भी किया गया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख पचपेड़वा मनोज कुमार तिवारी, प्रबंधक अनुपम शुक्ला, मयंक शुक्ला,प्रदीप कमलापूरी व छात्रों की उपस्थिति रही।


Comments