गैस एजेंसियों से सिलेंडर चोरी का खुलासा: दो शातिर गिरफ्तार

पांच खाली सिलेंडर व बाइक बरामद

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बस्ती। जनपद बस्ती में गैस एजेंसियों से सिलेंडर चोरी की घटनाओं का कोतवाली पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के पांच खाली गैस सिलेंडर और घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हो रही सिलेंडर चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
 
थाना कोतवाली पुलिस टीम 16 अप्रैल 2026 को शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पचपेड़िया रोड स्थित पटेल चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि गैस एजेंसियों से सिलेंडर चोरी करने वाले दो व्यक्ति हर्दिया चौराहे से वाल्टरगंज जाने वाले मार्ग पर मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर नाले से लगभग 100 मीटर आगे दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर दबोच लिया।
 
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान कृष्ण मोहन शुक्ला पुत्र राम प्रगट शुक्ला निवासी हर्दिया बेलाड़ी थाना वाल्टरगंज तथा कृष्ण मोहन सिंह पुत्र शिव गोविंद सिंह निवासी संसारपुर थाना वाल्टरगंज के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से पांच खाली गैस सिलेंडर और एक हीरो पैशन मोटरसाइकिल (संख्या UP51 AE 9141) बरामद की गई। पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने इंडेन गैस के दो सिलेंडर 22 मार्च और 10 अप्रैल को पटेल चौक स्थित गैस एजेंसी से चुराए थे।
 
वहीं भारत गैस के तीन सिलेंडरों में से दो श्रीराम गैस एजेंसी मड़वानगर से और एक रोडवेज के पास से चोरी किया गया था। चोरी के बाद सभी सिलेंडरों को सुनसान स्थान पर झाड़ियों में छिपाकर रखा गया था और उन्हें बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इस मामले में पहले से दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 167/2026 धारा 303(2) बीएनएस में गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
 
पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। सराहनीय रही पुलिस टीम की सक्रियता इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मोतीचंद, उपनिरीक्षक अनस अख्तर, उपनिरीक्षक राम अशोक यादव सहित कांस्टेबल दिलीप चौहान, राजू यादव, अशरफ खान, काशी कुमार और अनुनय सोमवंशी की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता और कुशल कार्यशैली की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें