शुआट्स में वेतन संकट पर फिलहाल थमा आंदोलन

शिक्षकों ने दिया एक हफ्ते का अल्टीमेटम

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

ब्यूरो प्रयागराज- शुआट्स में लंबे समय से वेतन न मिलने से नाराज शिक्षकों का धरना-प्रदर्शन फिलहाल समाप्त हो गया है, लेकिन आंदोलन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। शिक्षकों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा और इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा।
 
बताया जा रहा है कि वेतन संकट को लेकर पिछले कई दिनों से विश्वविद्यालय परिसर में शिक्षक लगातार धरना दे रहे थे। इस दौरान 200 से अधिक शिक्षक आंदोलन में शामिल रहे और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। शिक्षकों का आरोप है कि लंबे समय से वेतन लंबित होने के कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
 
धरना समाप्त करने से पहले शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार सिंह को एक लिखित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में लंबित वेतन के शीघ्र भुगतान की मांग के साथ ही विश्वविद्यालय में रिसीवर नियुक्त करने की भी मांग उठाई गई है, ताकि वित्तीय व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जा सके।
 
वहीं विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि जैसे ही फंड उपलब्ध होगा, सभी शिक्षकों को एक साथ वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा। हालांकि, प्रबंधन की ओर से भुगतान की कोई निश्चित तारीख घोषित नहीं की गई है, जिससे शिक्षकों में असंतोष बना हुआ है।
 
इस बीच, कंप्यूटर साइंस विभाग के शिक्षकों ने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर वेतन नहीं मिला तो छात्रों की परीक्षाएं रोकी जा सकती हैं। साथ ही आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसमें छात्रों की भागीदारी भी हो सकती है।
 
सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार सिंह ने ज्ञापन लेने के बाद शिक्षकों को आश्वासन दिया है कि एक सप्ताह के भीतर इस मामले के समाधान का प्रयास किया जाएगा। उनके आश्वासन के बाद ही शिक्षकों ने फिलहाल धरना समाप्त करने का निर्णय लिया।

About The Author

Post Comments

Comments