कूटरचित दस्तावेजों से बनवाया पासपोर्ट, मुकदमा दर्ज

आरोपी ने पहले वर्ष 2011 में मोहम्मद वसीम के नाम से पासपोर्ट बनवाया

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बलरामपुर, संवाददाता। जनपद के श्रीदत्तगंज थाने में पासपोर्ट बनवाने में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता की सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपी ने कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल कर पासपोर्ट हासिल किया है। जांच के दौरान दस्तावेजों में नाम, जन्मतिथि व अन्य विवरणों में हेरफेर पाया गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र के ग्राम चीती निवासी मोहम्मद वसीम उर्फ मो. वसीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
 
अपर पुलिस अधीक्षक व नोडल अधिकारी पासपोर्ट विशाल पांडेय के निर्देश पर थाना श्रीदत्तगंज के दरोगा अरूण कुमार पाटिल ने 13 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई।बताया कि शिकायत मिलने पर श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र के ग्रामी चीती निवासी मोहम्मद वसीम उर्फ मो. वसीम के पासपोर्ट की लखनऊ कार्यालय से जांच कराई। क्षेत्राधिकारी उतरौला राघवेंद्र प्रताप सिंह ने मामले की जांच की। जांच में पाया गया कि आरोपी ने दो पासपोर्ट बनवाए हैं। आरोपी ने पहले वर्ष 2011 में मोहम्मद वसीम के नाम से पासपोर्ट बनवाया।
 
इसमें आरोपी की जन्मतिथि 28 नवंबर 1988, पिता का नाम मोहम्मद लतीफ और मां का नाम नाविहुन था, जबकि पत्नी का नाम नहीं था। आरोपी ने वर्ष 2025 में मो. वसीम के नाम से दूसरा पासपोर्ट बनवाया, जिसमें जन्मतिथि 10 अप्रैल 1989, पिता का नाम मो. लतीफ, मां का नाम नाबिहुन निशा, पत्नी का नाम अफसाना और पता 24-चीती पोस्ट चमरुपुर दर्शाया। आरोपी ने कूटरचित दस्तावेजों के सहारे दो पासपोर्ट बनवाया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अलग-अलग पहचान और पते का उपयोग कर पासपोर्ट आवेदन किया था।
 
संबंधित विभागों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी ने नियमों को दरकिनार कर दस्तावेज तैयार कराए। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस व संबंधित एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष अविरल शुक्ल ने बताया कि ग्राम चीती निवासी मोहम्मद वसीम उर्फ मो. वसीम के खिलाफ फर्जी तरीके से दो से अधिक पासपोर्ट बनवाने के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की गहन जांच की जा रही है।

About The Author

Post Comments

Comments