श्रीभूमि जिले के दूल्लभछड़ा में भीषण आग, जॉय चौधरी का घर जलकर खाक

फायर स्टेशन की मांग तेज

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

श्रीभूमि : श्रीभूमि जिले के रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र के दूल्लभछड़ा इलाके में हॉस्पिटल रोड पर सोमवार शाम लगभग 6:00 बजे एक भीषण आग लगने की घटना सामने आई, जिसमें स्थानीय निवासी जॉय चौधरी का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय जॉय चौधरी अपनी मां के इलाज के लिए शिलचर वैली अस्पताल गए हुए थे, जिसके कारण घर बंद था। लगभग शाम 6 बजे आसपास के लोगों ने घर से धुआं और आग की लपटें देखीं, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना दी गई।
 
सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण घर को बचाया नहीं जा सका। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट या गैस सिलेंडर से संबंधित लीकेज माना जा रहा है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
 
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने एक बार फिर दूल्लभछड़ा में अग्निशमन केंद्र (फायर स्टेशन) स्थापित करने की पुरानी मांग को दोहराया। उनका कहना है कि यदि क्षेत्र में फायर स्टेशन मौजूद होता, तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था।
 
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि अनिपुर क्षेत्र में पुल न होने के कारण रामकृष्णनगर से विद्यानगर होकर पहुंचने में देरी हुई, जिससे राहत कार्य प्रभावित हुआ। प्रभावित परिवार के लिए तत्काल राहत और मुआवजे की मांग की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में स्थायी अग्निशमन सुविधा स्थापित करने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

About The Author

Post Comments

Comments