नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
डिजिटल होगी ‘भारत की जनगणना 2027’: भदोही में राज्य स्तरीय प्रशिक्षण गोष्ठी संपन्न, 7 मई से शुरू होगी स्व-गणना प्रक्रिया
जनगणना कार्य में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: जिलाधिकारी शैलेष कुमार के सख्त निर्देश, HLO ऐप से रियल-टाइम डेटा एंट्री कराए सुनिश्चित
भदोही:– आज उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव महोदय की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 'भारत की जनगणना 2027' के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं आवास गणना से संबंधित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण गोष्ठी एन.आई.सी. सभागार में संपन्न हुई।इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने प्रतिभाग करते हुए शासन द्वारा प्राप्त निर्देशों के कड़ाई से अनुपालन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस बार जनगणना की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और सुगम होगी। उन्होंने कहा कि स्व-गणना(Self-Enumeration): आम नागरिक 7 मई से 21 मई 2026 के बीच आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से स्वयं अपनी और अपने परिवार की गणना कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि सुविधा का लाभ उठाएं और राष्ट्र निर्माण के इस महाभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
HLO ऐप का प्रयोग: गणना कार्य में लगे प्रगणक (Enumerators) और पर्यवेक्षक (Supervisors) द्वारा HLO App का प्रयोग किया जाएगा। मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का समस्त डेटा इसी ऐप के माध्यम से रियल-टाइम दर्ज होगा।बैठक के दौरान यह जानकारी दी गई कि जो नागरिक स्वयं गणना नहीं कर पाएंगे, उनके लिए 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण का कार्य करेंगे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने प्रशिक्षण सत्रों को समय से पूरा करने, प्रगणकों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए ताकि कोई भी मकान या परिवार गणना से वंचित न रहे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल, अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अभिषेक मिश्रा एवं सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।


Comments