पडरौना: गणगौर विदाई समारोह में महिलाओं की उमड़ी आस्था

भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ विसर्जन

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

कुशीनगर।  नगर में राधा महिला समिति द्वारा आयोजित गणगौर विदाई समारोह श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक गरिमा के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कार्यक्रम को भव्य रूप दिया।
गणगौर पर्व, माँ गौरा (पार्वती) और भगवान शिव के अटूट प्रेम, सौभाग्य एवं सुख-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। समारोह के दौरान महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली, वैवाहिक जीवन की मंगलकामना और समाज में सुख-शांति के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम में पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने लोकगीत, मंगलगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा और स्वागत से पूरे नगर में उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला।
भव्य शोभायात्रा साहबगंज से शुरू होकर गणेश मंदिर चौराहा, अग्रवाल विवाह भवन, नौका टोला होते हुए हनुमान इंटरमीडिएट कॉलेज के पास स्थित पोखरे तक पहुंची, जहां विधि-विधान से माँ गौरा की प्रतिमाओं का विसर्जन कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
समिति की अध्यक्ष मीना शर्मा ने बताया कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने के साथ महिलाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करते हैं। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष “बुलबुल” जायसवाल ने महिलाओं के उत्साह की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक बताया।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें

नवीनतम समाचार