राजनीति
पडरौना: मुआवजा भुगतान फिर टला: एडीएम ने 2 अप्रैल तक का दिया नया आश्वासन, किसानों में नाराजगी
कुशीनगर। जिले में छितौनी–तमकुही रोड नई रेलवे लाइन परियोजना के तहत अधिग्रहित भूमि का मुआवजा भुगतान अब तक लंबित है, जिससे सैकड़ों प्रभावित परिवारों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सभी आवश्यक कागजात जमा करने के बावजूद किसानों को लगातार सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है।
21 जनवरी 2026 को जारी प्रतिकर भुगतान नोटिस के अनुसार किसानों को 15 फरवरी तक आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित होकर भुगतान लेने के निर्देश दिए गए थे। किसानों ने तय समय में प्रार्थना पत्र, खतौनी, बैंक पासबुक, आधार कार्ड, हिस्सा प्रमाण पत्र सहित प्रारूप-41, 45 व 1359 के दस्तावेज जमा कर दिए। इसके बावजूद भुगतान प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है। इस मामले में प्रमोद रौनियार, जयप्रकाश गुप्ता, रविंद्र यादव, भोला जायसवाल, शिवनारायण यादव, राजू रौनियार समेत सैकड़ों परिवार प्रभावित हैं, जो पिछले दो महीनों से मुआवजे का इंतजार कर रहे हैं।
23 मार्च को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) से दूरभाष पर हुई बातचीत में 2 अप्रैल 2026 तक भुगतान होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, बार-बार तारीख बढ़ने से किसानों में प्रशासन के प्रति नाराजगी और अविश्वास बढ़ता जा रहा है। किसानों का कहना है कि यदि इस बार भी तय समय तक भुगतान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। वहीं, जिला प्रशासन की सुस्ती और विभागीय लापरवाही इस पूरे मामले को और अधिक गंभीर बना रही है।


Comments