कुएं से नाबालिग किशोरी का शव बरामद

गांव में पसरा मातम

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

बरही, हजारीबाग, झारखंड:- बरही थाना क्षेत्र के धनवार पंचायत अंतर्गत कोरियाडीह गांव में गुरुवार शाम से लापता 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी का शव सोमवार को गांव के समीप स्थित एक कुएं से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान लक्ष्मी कुमारी (17) वर्ष पिता रूपचंद महतो के रूप में हुई है। वह हाल ही में मैट्रिक की परीक्षा देकर घर पर ही थी। परिजनों के अनुसार लक्ष्मी कुमारी गुरुवार शाम घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।
 
इसी बीच सोमवार को गांव से करीब 500 मीटर दूर स्थित लगभग सात फीट चौड़े और 15 फीट गहरे पानी से भरे कुएं में एक किसान पानी निकालने गया। उसने कुएं में शव तैरता देखा और शोर मचाया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और बरही पुलिस को सूचना दी गई। ग्रामीणों की मदद से रस्सी के सहारे शव को कुएं से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना पर पुलिस अवर निरीक्षक मृत्युंजय कुमार सिंह, पृथ्वी हरिजन, राज्बलभ कुमार, ग्रामीण पुलिस गणेश यादव समेत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने शव को अंत्यपरीक्षण के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल भेज दिया।
 
बताया जाता है कि मृतका के भाई अनिल कुमार ने पड़ोसी गांव जीतपुर के एक युवक पर बहन के अपहरण का आरोप लगाते हुए पहले ही बरही थाना में आवेदन दिया था। पुलिस ने आवेदन के आधार पर कांड संख्या 82/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुनि सह थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
 
पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही जिप उपाध्यक्ष किशुन यादव, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, डीएस डॉ. प्रकाश ज्ञानी, कांग्रेस प्रखण्ड अध्यक्ष अब्दुल मनान वारसी, मुखिया राजेंद्र प्रसाद, उपमुखिया दामोदर प्रसाद वर्मा, प्रकाश साव, संजय कुशवाहा, बीरेंद्र प्रसाद, महेश प्रसाद व अन्य लोग अस्पताल पहुंचे। किशोरी अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। पिता खेती-बाड़ी करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।

About The Author

Post Comments

Comments