ओवरटेक के चक्कर में बाइक व ई रिक्शा की आमने-सामने टक्कर

महिला समेत पांच घायल, मासूम बचा

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

लालगंज (रायबरेली)। नगर के बांदा बहराइच मार्ग पर सेमरपहा गांव के निकट एक बाइक और ई-रिक्शा की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। भोजपुर निवासी राजेंद्र प्रसाद ई-रिक्शा से दो सवारियां लेकर कस्बा आ रहे थे। उन्होंने बताया कि सामने से आ रही बाइक ने पिकअप वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी बीच बाइक सीधे उनके ई-रिक्शा से टकरा गई।
 
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा सड़क किनारे खड्ड में पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा चालक  समेत उसमें सवार हैबतपुर खुर्द निवासी राधेश्याम और उनके भाई बाबूलाल भी चोटिल हो गए। बाइक सवार सरेनी क्षेत्र के झोथरा खेड़ा गजपति खेड़ा निवासी राजेंद्र उनकी बहन गुड़िया दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। गुड़िया लासा खेड़ा की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने भाई के साथ दो माह के मासूम बच्चे अयांश का इलाज कराकर घर लौट रही थी।
 
गलत दिशा में आकर ई रिक्शा ने टक्कर मार दी। गनीमत रही कि हादसे में उनका बच्चा बाल-बाल बच गया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने राजेंद्र प्रसाद, राधेश्याम और बाबूलाल की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

About The Author

Post Comments

Comments