छात्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दो गिरफ्तार
नाबालिग के साथ मारपीट व अभद्रता का आरोप, न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली पुलिस ने नाबालिग छात्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में शुक्रवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। दोनों आरोपी मूल रूप से बिहार प्रांत के निवासी बताए जा रहे हैं।
मृतका की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घर के पास स्थित टेक्नो फैब फैक्ट्री में काम करने वाले सुमन और जितेंद्र उर्फ लंबू फैक्ट्री परिसर के अहाते में ही रहते थे। आरोप है कि मंगलवार की शाम उसकी गैरमौजूदगी में दोनों आरोपी घर पहुंचे और बेटी के साथ मारपीट की। इसके बाद उसे जबरन करीब 500 मीटर दूर तालाब की ओर ले गए, जहां उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
बताया जाता है कि किशोरी के शोर मचाने पर राहगीरों ने हस्तक्षेप कर उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। घटना के अगले दिन दोपहर में किशोरी ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों के दुर्व्यवहार से आहत होकर उसने यह कदम उठाया।
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

Comments