जेल निरीक्षण में बंदियों के अधिकारों पर जोर
किसी भी तरह का भेदभाव बर्दाश्त नहीं: शेष नाथ सिंह
लातेहार, झारखंड:- माननीय सुप्रीम कोर्ट एवं झारखंड विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर लातेहार के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष शेष नाथ सिंह, उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता सहित बोर्ड ऑफ विजिटर्स ने लातेहार जेल का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान बोर्ड ऑफ विजिटर्स ने बंदियों से सीधे संवाद कर यह जानकारी ली कि उनके साथ किसी भी प्रकार का जातिगत या अन्य प्रकार का भेदभाव तो नहीं किया जा रहा है। इस पर बंदियों ने स्पष्ट रूप से बताया कि उनके साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं होता है।
बोर्ड ने जेल के प्रत्येक बैरक में जाकर बंदियों के स्वास्थ्य, इलाज, पेयजल, नाश्ता एवं भोजन की गुणवत्ता तथा मुकदमों में पैरवी के लिए अधिवक्ता की उपलब्धता से संबंधित जानकारी ली। इस दौरान व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।प्रधान न्यायाधीश शेष नाथ सिंह ने पढ़ाई करने के इच्छुक बंदियों के लिए समुचित शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने जेल में स्कैनर के प्रभावी उपयोग तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बंदियों की न्यायालय में पेशी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने जेल प्रशासन को स्पष्ट रूप से कहा कि जेल मैनुअल के तहत बंदियों को मिलने वाली सभी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए।इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव शिवम चौरसिया, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अलका हेमब्रम, सिविल सर्जन डॉ. राज मोहन खलखो, पीडब्ल्यूडी के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर कमलेश कुमार, लातेहार एसडीपीओ अरविंद कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Comments