दुकानदारों के हक में खड़े हुए विधायक प्रकाश राम, जिला परिषद परिसर में प्रस्तावित दुकानों के टेंडर पर उठे सवाल

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

चंदवा, झारखंड:- चंदवा प्रखंड स्थित जिला परिषद परिसर में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे वर्षों से अस्थायी रूप से दुकान लगाकर जीवन-यापन कर रहे दुकानदारों के सामने रोज़गार का संकट खड़ा हो गया है। एनएच सड़क और पूर्व निर्मित मार्केट के बीच खाली पड़ी भूमि पर लगभग 20 वर्षों से चार दुकानदार चाय, लिट्टी, अंडा और अन्य नाश्ते की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं।
 
जानकारी के अनुसार पूर्व में जिला परिषद लातेहार द्वारा निर्मित मार्केट राष्ट्रीय राजमार्ग से लगभग 50 फीट हटकर बनाया गया था। अब उसी बीच बचे स्थान पर मात्र दो दुकानों के निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया है। इस निर्णय से लंबे समय से वहां दुकान चला रहे चारों दुकानदारों के सामने विस्थापन और बेरोज़गारी की आशंका उत्पन्न हो गई है।
 
दुकानदारों का कहना है कि यदि दो पक्की दुकानों का निर्माण कर उन्हें टेंडर प्रक्रिया के तहत आवंटित किया गया, तो वर्तमान में दुकान चला रहे चारों परिवारों की रोज़ी-रोटी छिन जाएगी। उन्होंने मांग की है कि या तो प्रस्तावित निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए अथवा सभी प्रभावित दुकानदारों के हितों की समुचित सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
 
मामले की सूचना मिलने पर लातेहार विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रकाश राम स्वयं स्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने दुकानदारों से विस्तृत बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा स्थल निरीक्षण किया।विधायक ने मौके पर आश्वासन देते हुए कहा कि वर्षों से जीविकोपार्जन कर रहे लोगों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर यह स्पष्ट किया जाएगा कि केवल दो दुकानों का ही टेंडर क्यों निकाला गया और इसी स्थान का चयन क्यों किया गया।
 
उन्होंने यह भी कहा कि जब तक पूरी स्थिति स्पष्ट नहीं हो जाती और प्रभावित परिवारों के हित सुरक्षित नहीं होते, तब तक किसी भी प्रकार का अन्यायपूर्ण निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा।विधायक के आश्वासन के बाद दुकानदारों में राहत और उम्मीद का माहौल है। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक निर्णय पर टिकी हैं, ताकि वर्षों से मेहनत कर जीवनयापन कर रहे परिवारों का भविष्य सुरक्षित रह सके। 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें