पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ शातिर चोर, मंदिरों समेत कई चोरी की घटनाओं का खुलासा

गिरफ्तार बदमाश की पहचान रूदल नट पुत्र तुफानी नट, निवासी नकहरा थाना गड़वार, जनपद बलिया के रूप में हुई है।

Swatantra Prabhat Picture
Published On

बलिया।
 
नगरा थाना पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ के बाद एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा में भर्ती कराया गया।
 
गिरफ्तार बदमाश की पहचान रूदल नट पुत्र तुफानी नट, निवासी नकहरा थाना गड़वार, जनपद बलिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और 63.43 ग्राम सफेद धातु का टुकड़ा बरामद किया है।
 
अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि पुलिस टीम खरूआंव पोखरे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा। घेराबंदी के बाद खुद को फंसा देख बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई।
 
पूछताछ में घायल बदमाश ने कई चोरी की घटनाओं का खुलासा किया। उसने स्वीकार किया कि 4/5 जनवरी 2026 की रात उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सुखपुरा स्थित बुढ़वा शिव मंदिर से शिवलिंग और नाग की चोरी की थी। इसके अलावा 11 जनवरी 2026 की रात थाना गड़वार क्षेत्र के बंगला चट्टी से एक टुल्लू पंप भी चुराया था।
 
रूदल नट ने यह भी बताया कि 17/18 दिसंबर 2025 की रात ग्राम सवन स्थित कंपोजिट विद्यालय का ताला तोड़कर इन्वर्टर, बैटरी, गैस सिलेंडर समेत अन्य सामान चोरी किया गया था। वहीं, 14/15 नवंबर 2025 की रात नगरा के पुराने दुर्गा मंदिर से मूर्ति का मुकुट, नथिया और दान पेटी से नकदी चोरी की गई थी।
 
पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

About The Author

Post Comments

Comments