स्वच्छता की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता बना प्राथमिक विद्यालय दौतरा 

Swatantra Prabhat Desk Picture
Published On

महराजगंज,रायबरेली। साफ-सफाई से लेकर अपने आवरण के मामले में प्राइवेट विद्यालयों को पीछे छोड़ने वाले महराजगंज ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय दौतरा को बड़ी उपलब्धि मिली है। अब प्राथमिक विद्यालय दौतरा ने स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (एचएचवीआर) 2025-26 में प्रदेश स्तर पर विजेता बना है। पूर्व में यह विद्यालय जनपद स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर चुका है। अब प्रदेश स्तर पर विजेता बनकर एक नया कीर्तिमान स्थापित करने वाला प्राथमिक विद्यालय दौतरा इस उपलब्धि के साथ विद्यालय राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए पात्र हो चुका है।
 
स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (एचएचवीआर) मूल्यांकन प्रतियोगिता राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप विद्यालयों में स्वच्छता, हरित वातावरण, व्यवहार परिवर्तन और सतत रखरखाव को बढ़ावा देता है। इसका मूल्यांकन जिला, राज्य व केंद्र शासित प्रदेश और राष्ट्रीय—तीन स्तरों पर चरणबद्ध प्रक्रिया से किया जाता है। प्राथमिक विद्यालय दौतरा की यह सफलता पूरे जनपद रायबरेली के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यालय परिवार पूर्ण उत्साह के साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए अग्रसर है।
 
विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (एचएचवीआर) के मानक में सुरक्षित पेयजल व जल संरक्षण, शौचालय के स्वच्छता, उपलब्धता और नियमित रखरखाव, साबुन से हाथ धोना यानि बच्चों में नियमित हैंडवॉश की आदत बनाना, विद्यालय का संचालन एवं रखरखाव के साथ ही स्वच्छ परिसर और संसाधनों का सतत प्रबंधन, बच्चों व समुदाय में स्वच्छता जागरूकता, मिशन लाइफ गतिविधियाँ के तहत पर्यावरण संरक्षण और हरित पहल को प्रमुख रूप से रखा गया है।
 
उन्होंने बताया कि राज्य स्तर पर चयन के पश्चात अब राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालयों का मूल्यांकन किया जाएगा। जिसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर यह प्रतियोगिता जीतने वाले शीर्ष 200 विद्यालयों को केंद्र सरकार द्वारा ‘राष्ट्रीय स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (एचएचवीआर) पुरस्कार 2025-26’ से सम्मानित किया जाएगा।विद्यालय की इस उपलब्धि पर शिक्षक आशीष प्रताप सिंह, विष्णु साहू, संजीव कुमार बाजपेई, सुषमा पाण्डेय, शेष दत्त गुप्ता का विशेष योगदान रहा है, और ये सभी शिक्षक अब राष्ट्रीय स्तर की तैयारी में सक्रिय रूप से जुट गए हैं।
 
इसके साथ ही ग्राम प्रधान संदीप कुमार, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष अजय कुमार मौर्या के साथ ही सभी छात्र-छात्राएँ, अभिभावक एवं ग्रामवासियों का बहुत बड़ा योगदान है।खंड शिक्षा अधिकारी राम मिलन यादव ने विद्यालय की इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि प्राथमिक विद्यालय दौतरा ने स्वच्छता और हरित वातावरण के क्षेत्र में अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। जनपद में प्रथम और प्रदेश में विजेता बनकर विद्यालय ने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। हमें विश्वास है कि राष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय अपनी उत्कृष्टता सिद्ध करेगा।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें