राजनीति
भारत
गोमिया में हाथियों का कहर जारी
तीन मौतों के बाद फिर दो ग्रामीणों की जान गई
गोमिया, झारखंड:- गोमिया प्रखंड में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से क्षेत्र शोक और दहशत में था, वहीं शुक्रवार शाम एक और दर्दनाक घटना में हाथी ने दो ग्रामीणों को कुचलकर मार डाला। नई घटना महुआटांड़ पंचायत के गांगपुर गांव की है, जहां 50 वर्षीय सोमर साव और उनके 8 वर्षीय पोते आयुष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
हमले में सोमर साव की 12 वर्षीय पोती राशि कुमारी, 9 वर्षीय नाती राहुल कुमार और 52 वर्षीय समधन गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व पंचायत समिति सदस्य फूलचंद केवट मौके पर पहुँचे और घायलों को 108 एंबुलेंस से उपचार के लिए रामगढ़ भेजवाया। उन्होंने बोकारो उपायुक्त से तत्काल पूरे क्षेत्र में रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि हाथियों की आवाजाही का समय रहते पता चल सके।
ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रहे हाथी हमलों से दहशत का माहौल है। राजरप्पा, रामगढ़ और ललपनिया मार्ग से होकर गुजरना जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार शाम होते ही हाथियों का गांव में घुस आना अब आम बात हो गई है, जिससे लोग भय और असुरक्षा में जीने को मजबूर हैं।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि वन विभाग में कर्मियों की भारी कमी है और विभाग हाथियों के अलग-अलग दलों पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। जिले में प्रशासनिक तैयारियों के दावे किए जाते हैं, लेकिन लगातार हो रहे हमलों से नाराज ग्रामीण अब ठोस कदम और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।


Comments