राजनीति
भारत
किसान की झोपड़ी में आग लगने से सामान जलकर राख
लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के बेहटा कला गांव में बृहस्पतिवार की देर रात एक किसान की झोपड़ी में आग लग गई। आग से झोपड़ी में रखा करीब 80 हजार रुपये कीमत का सामान जलकर नष्ट हो गया। अग्निकांड में पीड़ित किसान को भारी नुकसान हुआ है। गांव निवासी रजनू गौड़ पुत्र मतई ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गांव से दूर स्थित एक तालाब के किनारे वह मछली पालन के लिए झोपड़ी बनाकर रहता था।
उसी झोपड़ी में मछली पकड़ने का जाल, भूसा, रजाई, गद्दे, अनाज और चारपाई रखी थी। शाम वह गांव में एक निमंत्रण में शामिल होने चला गया। रात करीब 11 बजे जब वह वापस लौटा तो उसकी झोपड़ी में आग लगी हुई थी। देखते ही देखते पूरा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित के मुताबिक झोपड़ी में रखा 60 हजार रुपये का मछली पकड़ने का जाल भी आग की चपेट में आ गया। घटना में उसका 80 हजार का नुकसान हो गया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जांच कराई जा रही है।

Comments