सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध सागवान चिरान पर बड़ी कार्रवाई, एसएसबी व वन विभाग की संयुक्त छापेमारी

सूचना की पुष्टि के बाद 09वीं वाहिनी एसएसबी की एफ कंपनी से त्वरित प्रतिक्रिया टीम (QRT) तथा बारहवा वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम गणेशपुर में सघन सर्च अभियान चलाया

Swatantra Prabhat Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात संवाददाता 
बलरामपुर 
 
दिनांक 04 फरवरी 2026 को सूत्रों से प्राप्त सूचना के आधार पर 09वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) के कार्य क्षेत्र अंतर्गत एफ कंपनी सीरियानाका, ग्राम गणेशपुर में अवैध रूप से जंगली सागवान की बोटों का चिरान कर घरेलू सामान बनाए जाने की जानकारी मिली। यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 606 से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई।
 
सूचना की पुष्टि के बाद 09वीं वाहिनी एसएसबी की एफ कंपनी से त्वरित प्रतिक्रिया टीम (QRT) तथा बारहवा वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम गणेशपुर में सघन सर्च अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गांव के बाहर स्थित एक झोपड़ी में सागवान की दो बोटा, 58 नग तैयार प्रकाष्ठ, लकड़ी काटने के औजार तथा एक छोटा जनरेटर बरामद किया गया। हालांकि मौके पर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं मिला।
 
संयुक्त टीम ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन इस अवैध गतिविधि के संबंध में किसी ने कोई जानकारी देने से इंकार कर दिया। इसके पश्चात वन विभाग द्वारा मौके से बरामद सभी अवैध सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया गया। इस मामले में वन विभाग ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय वन संरक्षण अधिनियम 1927 की धारा 26 तथा वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 27, 29, 31 एवं 51 के अंतर्गत रेंज केस संख्या 44/2025-26 दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही दोषियों की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
 
एसएसबी और वन विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई से सीमावर्ती इलाकों में अवैध लकड़ी कटान और तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में अहम सफलता मानी जा रही है।
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें