राजनीति
आयुष चिकित्साधिकारी व फार्मासिस्ट अपने कार्यस्थल पर समय से रहें उपस्थित - सीडीओ
स्वतंत्र प्रभात संवाददाता
प्रतापगढ़।
आयुष विभाग से सम्बन्धित चिकित्साधिकारी अधिकतर अपने कार्यस्थल से नदारद ही रहते हैं और डिजिटल इंडिया के जरिए घर बैठे वेतन भोग करते हैं। कई चिकित्साधिकारी महज सप्ताह मे एक दिन ही दर्शन देते हैं और बाकी दिनों में उनकी जगह पर वार्ड ब्यॉय आदि डॉक्टर बन मरीजों की दवा व इलाज करते हैं।
इसी खामी को रोकने के लिए सीडीओ डॉ दिव्या मिश्रा की अध्यक्षता मे आयुष विभाग के समस्त प्रभारी चिकित्साधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक कर संचालित योजनाओं सेवाओं एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा कर उनके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा निर्देश करना रहा।बैठक मे आयुर्वेद यूनानी योग होमियोपैथी चिकित्सा पद्धतियों के अंतर्गत संचालित चिकित्सालयों की वर्तमान स्थिति,उपलब्ध संसाधनों, जनहितकारी कार्यक्रमों तथा विभागीय कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।
सीडीओ ने निर्देशित किया कि जिन आयुष चिकित्सालयों में भवन जर्जर अवस्था में है अथवा शौचालय विद्युत व्यवस्था आदि मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं विद्यमान है।उन सभी समस्याओं का विवरण तत्काल उपलब्ध कराते हुए सीडीओ के माध्यम से शीघ्र निवारण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।भूमि संबंधी समस्याओं की सूचना तत्काल प्रस्तुत की जाए ताकि आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आयुर्वेदिक यूनानी होमियोपैथी सहित समस्त चिकित्साधिकारी व फार्मासिस्ट इंचार्ज अपने अपने कार्यस्थलों पर निर्धारित समय से उपस्थित रहना सुनिश्चित करें तथा विभागीय अनुशासन का पूर्णतया पालन करें। बैठक मे क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ सुमन कुशवाहा, जिला होमियोपैथी चिकित्साधिकारी डॉ ममता सचान व समस्त चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे।

Comments