राजनीति
पडरौना में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न, नगर पालिका ने निकाली प्रभात फेरी
कुशीनगर। देश के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर नगर पालिका परिषद पडरौना द्वारा पूरे उत्साह, देशभक्ति और गरिमामय वातावरण में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने नगर पालिका कार्यालय एवं जलकल कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया। समारोह में उपस्थित अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिकों ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाकर मातृभूमि के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में नगर पालिका परिषद द्वारा नगर में भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी में नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। प्रभात फेरी के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “संविधान अमर रहे” जैसे गगनभेदी नारों से पूरा नगर राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग गया। इसके उपरांत नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल द्वारा नगर में स्थापित महापुरुषों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं संत-महात्माओं की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस क्रम में बाल गंगाधर तिलक, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित अनेक महान विभूतियों को नमन किया गया। इसके साथ ही मोदनसेन जी महाराज, सहस्त्रबाहु अर्जुन जी, भगवान विश्वकर्मा, भगवान परशुराम एवं संत रविदास जी की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों और विचारों को स्मरण किया गया। कार्यक्रम का समापन बावली स्थित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इस दौरान उनके अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए उपस्थित जनसमूह ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। समारोह के अंत में उपस्थित लोगों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया तथा सभी को संविधान की मर्यादा, देश की एकता और अखंडता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की शपथ दिलाई गई। अपने संबोधन में नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों और कर्तव्यों को आत्मसात करने का दिन है। उन्होंने कहा कि हमें समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। इस अवसर पर प्रतिनिधि मनीष बुलबुल जायसवाल, अधिशासी अधिकारी संतराम सरोज, जेई रामबहादुर, कर अधीक्षक हरिश्चंद्र, कर निरीक्षक रवि सिंह, मनोज सिंह, महेंद्र चौधरी, घनश्याम यादव, अरुण सिंह, अशोक गुप्ता, आलोक विश्वकर्मा, नीरज मिश्रा, ब्रजेश शर्मा, सन्नी मिश्रा, अनिल पाण्डेय, आकाश वर्मा, भास्कर पाठक, राजेश कुशवाहा, भारत चौधरी, विनय मद्धेशिया, आनंद रावत, दिवाकर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। पूरा कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति, एकता और संविधान के सम्मान की भावना के साथ शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Comments