Haryana Weather: हरियाणा में कोहरा और कोल्ड डे का कहर, 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
Haryana Weather: हरियाणा में नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड के साथ हुई है। राज्य में घने कोहरे के साथ-साथ अब दिन के समय भी ठंड बढ़ने लगी है और कई जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए आज भी कोल्ड डे और कोल्ड वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, पलवल, पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर—कुल 12 जिलों में कोल्ड डे की स्थिति दर्ज की जा रही है। वहीं पूरे प्रदेश में सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ है, जिसका असर सड़क और रेल यातायात पर भी साफ दिखाई दे रहा है। कई लंबी दूरी की ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं।
15 शहरों में दिन का तापमान 15 डिग्री से नीचे
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, हरियाणा के 15 शहरों में अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। इनमें अंबाला, हिसार, फतेहाबाद, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, रोहतक, चरखी दादरी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, नूंह, पानीपत, सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर शामिल हैं। नए साल के दिन पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र दिन में सबसे ठंडे शहर रहे।
राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया है। भिवानी में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। सबसे कम न्यूनतम तापमान महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
कोल्ड डे क्या होता है?
मौसम विभाग के अनुसार, जब किसी स्थान पर लगातार दो दिनों तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री कम दर्ज किया जाए, तो उसे कोल्ड डे माना जाता है।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 2 जनवरी से 7 जनवरी तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। 3 और 4 जनवरी को कई स्थानों पर घना कोहरा और कुछ जगहों पर शीतलहर जारी रहने की संभावना है। 5 जनवरी के बाद कोहरे की तीव्रता में थोड़ी कमी आ सकती है, लेकिन धुंध का असर बना रहेगा।
About The Author
imskarwasra@gmail.com
संदीप कुमार मीडिया जगत में पिछले 2019 से ही सक्रिय होकर मीडिया जगत में कार्यरत हैं। अख़बार के अलावा अन्य डिजिटल मीडिया के साथ जुड़े रहे हैं। संदीप का पॉलिटिकल न्यूज, जनरल न्यूज में अनुभव रहा है। साथ ही ऑनलाइन खबरों में काफी अनुभव है l

Comments