घघसरा गांव में दिल दहला देने वाली घटना: 21 वर्षीय युवती ने लगाया फांसी, बंद कमरे में लटका मिला शव - पुलिस जांच में जुटी

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

गोरखपुर। सहजनवां थाना क्षेत्र के घघसरा गांव में शनिवार सुबह एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई जिसने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। 21 वर्षीय युवती पूनम सैनी ने अपने ही कमरे में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। सुबह जब घरवालों ने दरवाजा खटखटाया और भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तब सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरे के बगल बने जंगले से झांककर देखा गया तो पूनम दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी मिली।
 
सूचना पर सहजनवां थाना प्रभारी महेश कुमार चौबे, चौकी प्रभारी दुर्गेश कुमार सिंह तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया गया, जिससे प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य संकलित किए और परिजनों से पूछताछ की।
 
मृतका के पिता प्रदीप सैनी के मुताबिक, शुक्रवार की रात पूनम परिवार के साथ भोजन करने के बाद हमेशा की तरह अपने कमरे में सोने चली गई थी। सुबह देर तक न जागने पर परिजनों ने आवाज देकर और दरवाजा खटखटाकर उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर जब जंगले से अंदर देखा गया तो सभी स्तब्ध रह गए।
 
परिजनों ने बताया कि पूनम कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान रहती थी और अक्सर अकेले रहने लगी थी। हालांकि परिवारवालों को अंदेशा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगी। इस घटना ने पूरे परिवार के साथ गांव के लोगों को भी गहरे दुख में डाल दिया है।
 
पूनम के पिता ने पुलिस से किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई न करने की मांग की और पंचायतnama कर शव को अंतिम संस्कार के लिए सौंपने की गुजारिश की। ग्रामीणों एवं सम्मानित व्यक्तियों की मौजूदगी में पुलिस ने विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव परिजनों के हवाले कर दिया।

About The Author

Post Comments

Comments