जिलाधिकारी निशा अनंत और एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने किया अमेठी बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण
अमेठी।
जिलाधिकारी निशा अनंत और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने शनिवार को अमेठी रोडवेज बस स्टेशन और अमेठी व गौरीगंज रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सभी स्थानों पर सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया।
बस स्टेशन निरीक्षण के दौरान डीएम ने शौचालयों की सफाई, पेयजल आपूर्ति और बैठने की व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जांच की और कैमरों को सुचारू रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एआरएम मौके पर नहीं थे, क्योंकि उनकी ड्यूटी कुंभ में लगी हुई है। डीएम ने इस पर नाराजगी जताते हुए परिवहन विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए कि स्टेशन पर वैकल्पिक रूप से एक जिम्मेदार अधिकारी की तैनाती की जाए। इसके बाद दोनों अधिकारी रेलवे स्टेशन गौरीगंज पहुंचे,
जहां उन्होंने प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था और पूछताछ केंद्र का निरीक्षण किया। डीएम ने स्टेशन अधीक्षक संजय कुमार को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी गौरीगंज अखिलेश वर्मा और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Comments