शहर से गांव तक फैला नशे का जाल, किशोरों को बनाया जा रहा निशाना

यह समस्या आने वाली'  पीढ़ी के लिए गंभीर संकट बन सकती है

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

लखीमपुर खीरी। जनपद में नशा कारोबार तेजी से फैलता हुआ दिखाई दे रहा है। सूत्रों के अनुसार शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक नशा माफियाओं ने अपना नेटवर्क स्थापित कर लिया है, जिससे खासतौर पर युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है। 14 से 15 वर्ष तक के किशोरों को नशे की लत लगाकर उनके भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ किया जा रहा है।जानकारी के मुताबिक शहर के विभिन्न क्षेत्रों—सैधरी, मिदनिया, सुभाष नगर, प्रमिला नगर, भट्टा, उदयपुर, टावर के पास, मेला मैदान ढाल, बस अड्डा सहित कई स्थानों पर चिप्पड़ और गांजे का खुलेआम कारोबार चल रहा है।
 
कुछ स्थानों पर नामित व्यक्तियों द्वारा नशे की बिक्री किए जाने की भी चर्चा है। इसी प्रकार काशीनगर, राजापुर, एलआरपी, एफसीआई गोदाम और टीवी टावर के आसपास भी नशा उपलब्ध कराए जाने की बात सामने आई है।इसके अतिरिक्त नौरंगाबाद, हाथीपुर, बक्सा मार्केट, अर्जुनपुरवा और दीनदयाल स्कूल के आसपास के इलाकों में भी इस अवैध गतिविधि के फैलने की सूचना है। ग्रामीण क्षेत्रों में नकहा, शारदा नगर, पतरासी, रमहीपुल और ओदरहना जैसे क्षेत्रों तक नशे का यह नेटवर्क पहुंच चुका है।
 
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित चौकियों पर सूचना देने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। उल्टा सूचना देने वालों को फोन कॉल के माध्यम से दबाव और धमकियां मिलने की शिकायतें भी सामने आई हैं। इससे यह आशंका व्यक्त की जा रही है कि नशा कारोबारियों को कुछ प्रभावशाली लोगों का संरक्षण प्राप्त हो सकता है।ऐसी स्थिति में सवाल उठता है कि आखिर इन अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो यह समस्या आने वाली'  पीढ़ी के लिए गंभीर संकट बन सकती है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें