ख़जनी : अम्बेडकर जयंती पर खजनी में गरजी सामाजिक समरसता की आवाज, सेवानिवृत्त कर्मियों का भव्य सम्मान
बाबा साहब के विचारों पर मंथन, जनप्रतिनिधियों ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
रिपोर्टर/रामअशीष तिवारी (ख़जनी तहसील)
खजनी, गोरखपुर। भारत रत्न भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर खजनी विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक समरसता और समान अधिकारों का संदेश गूंज उठा। नगर पंचायत उनवल में आयोजित विधानसभा स्तरीय संगोष्ठी कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन “डॉ. भीमराव अम्बेडकर सम्मान अभियान” के तहत किया गया, जिसमें बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, विशिष्ट अतिथि विधायक प्रदीप शुक्ल और मुख्य वक्ता भाजपा जिला महामंत्री राजाराम कन्नौजिया मौजूद रहे। आयोजन के दौरान अनुसूचित समाज से जुड़े विभिन्न विभागों के सेवानिवृत्त कर्मियों को अंगवस्त्र व बाबा साहब का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में शंकर प्रसाद, इन्द्र प्रसाद, काशी प्रसाद, दूधनाथ, कुन्ती देवी, अयोध्या प्रसाद, गंगा सागर, बेचन प्रसाद, राजेन्द्र प्रसाद, छोटेलाल, छांगुर प्रसाद, परदेशी कन्नौजिया, गया प्रसाद और जोखन प्रसाद सहित कई नाम शामिल रहे।
मुख्य अतिथि जनार्दन तिवारी ने कहा कि बाबा साहब ने जीवनभर शोषित और वंचित वर्ग के अधिकारों के लिए संघर्ष किया और समाज में समानता की नींव रखी। उन्होंने कहा कि आज नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार उनके सपनों को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्य वक्ता राजाराम कन्नौजिया ने बाबा साहब के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भेदभाव मुक्त समाज के निर्माण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा बाबा साहब से जुड़े प्रमुख स्थलों को “पंचतीर्थ” के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे नई पीढ़ी उनके योगदान को बेहतर तरीके से समझ सके।
विधायक प्रदीप शुक्ल ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि वंचित समाज के लिए प्रेरणा के सबसे बड़े स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि सरकार उनके जीवन से जुड़े स्थानों का विकास कर उनके सम्मान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही है।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला मंत्री मनोज सिंह सैंथवार ने किया, जबकि नगर पंचायत अध्यक्ष महेश दुबे ने अतिथियों के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख दिलीप कुमार यादव, उमाशंकर निषाद, इन्द्र कुमार निगम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Comments