ईद, सरहुल व रामनवमी को लेकर लातेहार में हाई अलर्ट

शांति समिति की बैठक में प्रशासन सख्त

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

लातेहार, झारखंड:- आगामी ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी कड़ी में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
 
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि एक साथ कई बड़े त्योहार होने के कारण विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही अनुमंडल व प्रखंड स्तर पर शांति समिति की बैठक और फ्लैग मार्च सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी जुलूस निर्धारित रूट से ही निकाले जाएं और संबंधित अधिकारी पहले से रूट का निरीक्षण कर लें। रामनवमी जुलूस के दौरान बिजली से जुड़े हादसों की रोकथाम के लिए आवश्यकतानुसार बिजली आपूर्ति बाधित करने के निर्देश भी दिए गए।
 
उन्होंने झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देशों का हवाला देते हुए सभी आयोजकों, श्रद्धालुओं और नागरिकों से अपील की कि पर्व-त्योहारों के दौरान निर्धारित एसओपी का सख्ती से पालन करें। विशेष रूप से जुलूस और शोभायात्राओं में झंडों, डीजे और झांकियों की अधिकतम ऊंचाई 4 मीटर (13 फीट) से अधिक नहीं रखने का निर्देश दिया गया।
 
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ पोस्ट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साइबर सेल 24 घंटे सोशल मीडिया पर निगरानी रखेगा और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जुलूस के दौरान अश्लील या अभद्र गाने न बजें, इसके लिए डीजे संचालकों से बॉन्ड भरवाया जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था भी की जाएगी।
 
24 घंटे कंट्रोल रूम रहेगा सक्रिय: 
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष को दें। इसके लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम नंबर 06565-247981, मोबाइल नंबर 08987796308, साइबर सेल नंबर 6206159795 तथा आपातकालीन सेवा 112 जारी किए गए हैं।बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, आईटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई, अपर समाहर्ता रामा रविदास, दोनों अनुमंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शांति समिति सदस्य, सामाजिक संगठन और जिले के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें