जलालाबाद–फर्रुखाबाद हाईवे पर भीषण टक्कर, बस-अर्टिगा भिड़ंत में तीन की मौत
----सुगसुगी पुलिया के पास मची चीख-पुकार, कार के उड़े परखच्चे; दो की हालत गंभीर
----तेज रफ्तार बनी काल, घायलों को फर्रुखाबाद रेफर, हाईवे पर लगा लंबा जाम
शाहजहाँपुर।
जलालाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना ने तीन परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। अल्हागंज थाना क्षेत्र के सुगसुगी पुलिया के निकट बरेली डिपो की तेज रफ्तार बस और अर्टिगा कार के बीच आमने-सामने हुई जबरदस्त भिड़ंत में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्टिगा कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह वाहन के भीतर फंस गए। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तत्काल राहत-बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलने पर अल्हागंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि कार में सवार अरुण (30), ऋषभ (32) और संजय (34) की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं अनिल पौद और गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार आगरा नंबर की बताई जा रही है, जबकि उसमें सवार लोगों के लखीमपुर जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतकों के परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कार में फंसे शवों को बाहर निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। राहत-बचाव कार्य के दौरान यातायात को कुछ समय के लिए डायवर्ट किया गया और लगभग एक घंटे बाद मार्ग को आंशिक रूप से सुचारु कराया जा सका।

Comments