नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
लक्ष्य से आगे निकली यूपी सरकार, 62.30 लाख मीट्रिक टन धान खरीदकर किसानों को दिए ₹14,886 करोड़
मुख्यमंत्री के निर्देश पर किसानों को 48 घंटे के भीतर डीबीटी के जरिए सीधे बैंक खातों में भुगतान सुनिश्चित किया गया
लखनऊ- उत्तर प्रदेश में खरीफ क्रय सत्र 2025-26 के तहत धान खरीद प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक खरीद कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।सरकार ने इस सत्र के लिए 60 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य तय किया था, लेकिन इसे पार करते हुए 62.30 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की गई। इसके बदले किसानों को 14,886.35 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।
10.53 लाख किसानों से खरीद
प्रदेश के 4869 क्रय केंद्रों के माध्यम से 10.53 लाख किसानों से धान खरीदा गया। कॉमन श्रेणी का मूल्य 2369 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए का 2389 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया था।मुख्यमंत्री के निर्देश पर किसानों को 48 घंटे के भीतर डीबीटी के जरिए सीधे बैंक खातों में भुगतान सुनिश्चित किया गया, जिससे पारदर्शिता बढ़ी और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई।
12.82 लाख किसानों ने कराया पंजीकरण
धान बिक्री के लिए 12.82 लाख से अधिक किसानों ने पंजीकरण कराया। उत्तर प्रदेश खाद्य एवं रसद विभाग के अनुसार इस बार ओटीपी आधारित सिंगल रजिस्ट्रेशन सिस्टम लागू किया गया था।पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में 31 जनवरी तक खरीद हुई, जबकि अन्य मंडलों में 28 फरवरी तक प्रक्रिया जारी रही।सरकार का दावा है कि पिछले सत्र की तुलना में इस बार खरीद और भुगतान दोनों में वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिला है।

Comments