हुरहुरू में कुएं से मिले शव मामले का खुलासा, हत्या का आरोपी गिरफ्तार

पत्थर से वार व गला घोंटकर की गई थी हत्या, एसआईटी जांच में हुआ खुलासा

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

हजारीबाग, झारखंड:- हजारीबाग जिले के बड़ाबाजार ओपी क्षेत्र अंतर्गत हुरहुरू मोहल्ला में कुएं से मिले शव मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हजारीबाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में किया गया। जानकारी के अनुसार 25 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 9:30 बजे हुरहुरू स्थित पासवान मोहल्ला के एक कुएं से एक शव बरामद किया गया था। बाद में शव की पहचान सिकेंद्र कुमार उर्फ ललू गोप के रूप में हुई। घटना के संबंध में मृतक के भाई संजय कुमार पिता– माथुर गोप, निवासी हुरहुरू के आवेदन के आधार पर सदर (बड़ाबाजार) थाना कांड संख्या 55/26, दिनांक 25.02.2026 को धारा 103(1)/238/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
 
■ एसआईटी गठन कर शुरू हुई जांच: 
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अमित आनंद के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने प्रताप कुमार दास उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर गहन पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 23 फरवरी 2026 की शाम करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच उसका मृतक के साथ विवाद हो गया था। बहस के दौरान मृतक पत्थर लेकर उसे मारने के लिए दौड़ा।
 
इसी क्रम में मृतक गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी ने उसी पत्थर से उसके माथे पर वार किया और पास में पड़ी रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद शव को पतले कंबल से ढककर आरोपी वहां से फरार हो गया। इसके बाद 24 फरवरी की रात मृतक के परिजन जब उसकी तलाश कर रहे थे, उसी दौरान आरोपी ने शव को कंबल में लपेटकर घसीटते हुए पासवान मोहल्ला स्थित कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने जांच के दौरान घटना में इस्तेमाल किया गया कंबल तथा आरोपी द्वारा पहना गया कपड़ा बरामद कर लिया है।
 
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रताप कुमार दास उर्फ छोटू उम्र 23 वर्ष पिता रामकुमार दास, निवासी हुरहुरू पासवान मोहल्ला, थाना बड़ाबाजार ओपी, जिला हजारीबाग के रूप में हुई है। छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद, पुलिस निरीक्षक नंदकिशोर साहू, बड़ाबाजार ओपी प्रभारी पंकज कुमार, पुअनि सुधीर कुमार, सअनि गौतम उरांव एवं बड़ाबाजार ओपी का सशस्त्र बल शामिल था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी कोर्रा थाना कांड संख्या 242/23 दिनांक 26 अगस्त 2023 में छिनतई के मामले में जेल जा चुका है। 

About The Author

Post Comments

Comments