ई-रिक्शा चालक के हत्यारोपियों तक नहीं पहुंच सकी पुलिस
अज्ञात हमलावरों के खिलाफ दर्ज है मुकदमा, जल्द खुलासे का दावा
लालगंज, प्रतापगढ़। ईरिक्शा चालक की हुई हत्या को लेकर ढ़ाई माह बाद भी पुलिस हत्यारोपियों का सुराग नहीं लगा सकी है। हालांकि पुलिस शीघ्र ही घटना के खुलासे का दावा कर रही है। लीलापुर थाना क्षेत्र के सरायताल मकई निवासी 44 वर्षीय दिनेश वर्मा पुत्र रामेश्वर वर्मा बीती 16 दिसंबर को लालगंज कोतवाली के पूरे तिलकराम इलाके में घायलावस्था में अचेत पड़ा मिला था। बीती 17 दिसंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी थी।
घटना के बाद से मृतक का ईरिक्शा भी गायब है। मामले में मृतक के पुत्र अंकुश वर्मा की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की। लेकिन करीब ढ़ाई माह बाद भी पुलिस हत्यारोपियों तक नहीं पहुंच पायी। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार का कहना है कि शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Comments