नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
गोरखपुर ग़ोला में दिनदहाड़े ई-रिक्शा से महिला के साथ छिनैती का मुकदमा दर्ज
अज्ञात बाइक सवार मंगलसूत्र झपटने पर दर्ज हुआ केस
रिपोर्टर/ बृजनाथ तिवारी (ग़ोला तहसील)
गोलाबाजार, जनपद गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार होने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बिसरा पेट्रोल पंप के पास चलती ई-रिक्शा से दो बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर वारदात को अंजाम दिया और गोला की ओर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गगहा थाना क्षेत्र के ग्राम सकरी निवासी इंद्रावती देवी पत्नी बलवीर चार दिन पूर्व अपने मायके गोला थाना क्षेत्र के झरकटा गांव आई थीं। गुरुवार को दोपहर लगभग 12 बजे वह अपने पुत्र पीयूष के साथ वापस घर जाने के लिए निकलीं। करीब 1 बजे गोपालपुर चौराहे से उन्होंने सफेद रंग के ई-रिक्शा में बैठकर गोला की ओर प्रस्थान किया।
पीड़िता के अनुसार, रास्ते में दो युवक बाइक से उनका पीछा कर रहे थे। वह ई-रिक्शा में किनारे बैठी थीं। लगभग सवा एक बजे जैसे ही ई-रिक्शा बिसरा पेट्रोल पंप के समीप पहुंचा, तभी पीछे से आए बाइक सवारों में से एक युवक ने अचानक झपट्टा मार दिया। पहले उन्हें लगा कि मोबाइल छीनने की कोशिश हो रही है, लेकिन बदमाश उनके गले से मंगलसूत्र खींचकर तेजी से फरार हो गए।
घटना के बाद ई-रिक्शा रुकवाकर पीड़िता और उनके पुत्र ने शोर मचाते हुए पीछा करने का प्रयास किया, किंतु आरोपी फरार हो चुके थे। पीड़िता के अनुसार छीना गया मंगलसूत्र लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये मूल्य का था। घटना की सूचना चंद चौराहा पहुंचकर स्थानीय लोगों को दी गई, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया।
गोला पुलिस ने मामले में दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 309(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Comments