डीआईजी बस्ती ने मासिक अपराध समीक्षा में दिए सख्त निर्देश

होली व रमजान को लेकर सतर्कता बढ़ाने के आदेश

Swatantra Prabhat Desk Picture
Published On

बस्ती। परिक्षेत्रीय कार्यालय बस्ती के सभागार में गुरुवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर जनपदों के पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे, जहां लंबित प्रकरणों की समीक्षा के साथ आगामी होली और रमजान/ईद-उल-फितर को लेकर कानून-व्यवस्था पर विशेष चर्चा की गई।
 
बैठक के दौरान डीआईजी ने लंबित एवं आंशिक विवेचनाओं के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण, निरोधात्मक कार्रवाई में तेजी, गैंगेस्टर, वांछित और पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चोरी और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, गो-तस्करी पर रोकथाम, रात्रिकालीन सघन चेकिंग तथा संगीन अपराध, महिला अपराध और एससी/एसटी एक्ट से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया गया।
 
बैठक में जनपद स्तर पर साइबर एक्शन प्लान के प्रभावी क्रियान्वयन, यक्ष ऐप पर अपराधियों के सत्यापन, साइबर अपराध से जुड़े मोबाइल और IMEI नंबर अधिकाधिक ब्लॉक कराने तथा मोबाइल रिकवरी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही CCTNS, IGRS, NCRB, कर्मयोगी पोर्टल, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, ITSSO और JMIS पोर्टलों की नियमित मॉनिटरिंग कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। पब्लिक ग्रीवांस रिव्यू पोर्टल, मुख्यमंत्री जनता दर्शन और अन्य उच्चस्तरीय शिकायत पोर्टलों पर प्राप्त प्रार्थना-पत्रों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।
 
डीआईजी ने i-RAD ऐप पर सभी सड़क दुर्घटनाओं की अनिवार्य फीडिंग, महिला अपहृत एवं गुमशुदा मामलों में शत-प्रतिशत बरामदगी, अधिकाधिक धनराशि लीन कराने, मिशन शक्ति केंद्र व परिवार परामर्श केंद्र को और प्रभावी बनाने, ऑपरेशन क्लीन, ऑपरेशन खोज और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत सक्रिय कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रत्येक जिले में एंटी थेफ्ट सेल के गठन पर भी जोर दिया गया।
 
विभागीय स्तर पर नियम 14(1) और 14(2) के अंतर्गत लंबित पत्रावलियों, प्रारंभिक जांच, मृतक आश्रित सेवायोजन और चिकित्सा प्रतिपूर्ति से जुड़े मामलों के शीघ्र निस्तारण तथा साइट्रेन और आईगाट ऐप पर शेष कर्मियों का प्रशिक्षण पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
 
आगामी रमजान माह, ईद-उल-फितर और होली के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, जुलूसों की निगरानी और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए त्योहारों को परंपरागत रूप से सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में , पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ.यशवीर सिंह, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ नगर अभिषेक महाजन और पुलिस अधीक्षक संत कबीर नगर संदीप कुमार मीणा सहित परिक्षेत्रीय कार्यालय के शाखा प्रभारी व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Post Comments

Comments