नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
रमजान के पाक महीने में सरकारी कर्मचारियों को शाम 4 बजे तक मिले छुट्टी : मो वारिश अंसारी
कोनरा के समाजसेवी ने सरकार से की विशेष व्यवस्था की मांग, रोजेदार कर्मचारियों को राहत देने की अपील
बरही, हजारीबाग, झारखंड:- बरही प्रखंड अंतर्गत कोनरा निवासी समाजसेवी मो वारिश अंसारी ने रमजान के पवित्र महीने को देखते हुए राज्य सरकार से मांग की है कि सभी सरकारी कार्यालयों में कार्यरत मुस्लिम कर्मचारियों को शाम 4 बजे तक विशेष छुट्टी दी जाए। उन्होंने कहा कि रमजान आत्मसंयम, इबादत और सेवा का महीना है, ऐसे में रोजा रखने वाले कर्मचारियों को कार्य के साथ-साथ धार्मिक दायित्वों के निर्वहन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। मो वारिश अंसारी ने कहा कि रमजान के दौरान रोजेदार सुबह सहरी से लेकर शाम तक बिना भोजन और पानी के रहते हैं।
दिनभर की ड्यूटी के बाद इफ्तार, नमाज और अन्य धार्मिक कार्यों की तैयारी करनी होती है। ऐसे में यदि सरकार कार्यालय समय में एक घंटे की छूट दे दे तो कर्मचारियों को काफी राहत मिलेगी और वे बेहतर तरीके से अपने कर्तव्यों का पालन भी कर सकेंगे। उन्होंने आगे कहा कि कई राज्यों में पहले भी त्योहारों और विशेष अवसरों पर कर्मचारियों को समय में छूट दी जाती रही है। इसलिए रमजान जैसे पवित्र महीने में मानवीय आधार पर यह निर्णय लिया जाना चाहिए।
इससे सरकार की धर्मनिरपेक्ष और संवेदनशील छवि भी मजबूत होगी। समाजसेवी ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी यह मांग किसी विशेष सुविधा के लिए नहीं, बल्कि रोजेदार कर्मचारियों की सेहत और धार्मिक भावनाओं के सम्मान को ध्यान में रखते हुए की गई है। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि इस विषय पर सकारात्मक पहल कर आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि रमजान के दौरान रोजा रखने वाले कर्मचारियों को सहूलियत मिल सके।

Comments