आयुष्मान आरोग्य मंदिर चुल्ल्हाभारी में कैंसर एवं टीबी स्क्रीनिंग कैंप का सीएमओ ने किया निरीक्षण
बलरामपुर। जनपद में संचालित कैंसर एवं टीबी स्क्रीनिंग अभियान के अंतर्गत विकास खण्ड बलरामपुर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर चुल्ल्हाभारी में आयोजित विशेष स्क्रीनिंग कैंप का मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने कैंप में उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया और उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि कैंप में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समुचित जांच कर संदिग्ध मरीजों को समय से उच्च चिकित्सा इकाई पर रेफर किया जाए, ताकि शीघ्र उपचार सुनिश्चित हो सके।
कैंप में तैनात चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषि श्रीवास्तव द्वारा निरीक्षण के समय तक कुल 19 मरीजों की कैंसर एवं टीबी की स्क्रीनिंग की जा चुकी थी। सीएमओ ने स्क्रीनिंग की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक लोगों को जांच के लिए प्रेरित करने पर बल दिया।
डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने कहा कि टीबी एवं कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान ही प्रभावी उपचार की कुंजी है। उन्होंने आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को स्क्रीनिंग कैंप में लाया जाए।

Comments